Ranchi: झारखंड में ठंड आने वाले दिनों में और सताएगी. राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद अगले दो दिन इसमें धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है. पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा. उच्चतम तापमान 27.8 डिग्री चाईबासा में जबकि न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस गढ़वा में दर्ज किया गया. वहीं शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 23.2 और न्यूनतम तापमान 8.2 था. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 11.2 रहा. डालटनगंज का अधिकतम तापमान 27.2 और न्यूनतम तापमान 8.5 रहा. आने वाले चार दिनों में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक आने का अनुमान है. आने वाले दिनों में सुबह में कोहरे के बाद आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहेगा. इसके साथ आंशिक बादल छाये रहने का भी अनुमान है. वहीं विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि शहरी क्षेत्र से ज्यादा ग्रामीण और खुले क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाती है. जहां पानी, जंगल या खुले स्थान होते हैं वहां ठंड अधिक महसूस किया जाता है. उन्होंने बताया कि रांची के कांके के कुछ इलाकों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुकी है.