Ranchi : मानसून के समय पर आने और लगातार बारिश होने से झारखंड के मौसम में खासा बदलाव आया है. राजधानी रांची में लगातार बारिश से पारा तेजी से गिरा है और ठंड महसूस हो रही है. जून के मध्य में तापमान जहां 40 से 43 डिग्री तक हुआ करता था. वहीं इस बार पिछले वर्षों की तुलना में तापमान में 15 डिग्री तक की कमी आयी है. पिछले 24 घंटों के दौरान रांची का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि वर्ष 2018 और 2019 की तुलना में 11 से 15 डिग्री तक कम है. पिछले 24 घंटों के दौरान जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री और डाल्टनगंज का 29.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य तापमान की तुलना में काफी कम है.
इसे भी पढ़ें – अडाणी से छिन गया एशिया के दूसरे सबसे रईस शख्स का खिताब, 69,263 करोड़ घटी संपत्ति
2019 में डाल्टनगंज का 43.8, रांची का 39.7 और टाटा का 42 डिग्री था तापमान
पिछले साल के मानसून सीजन को छोड़ दें, तो वर्ष 2018 और 2019 में जून के महीने में पूरा झारखंड गर्मी से झुलस रहा था. 2019 में औसत अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब था. 16 जून 2019 को डाल्टनगंज का अधिकतम 43.8, जमशेदपुर का 42.0 और रांची का तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. इससे पहले 2017 में भी इन जिलों में गर्मी ने लोगों को झुलसाया था. साल 2020 में रांची समेत अधिकांश शहरों का औसत अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री से अधिक रहा था.
इसे भी पढ़ें –सीएम करेंगे सभी विभागों की समीक्षा, देखेंगे दिसंबर में दिये निर्देशों का कितना हुआ पालन
मानसून की सक्रियता घटने से बढ़ सकता है तापमान
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार इस बार मानसून समय पर आने के बाद से लगातार सक्रिय है. 10 जून से आसमान में बादल छाये हुए हैं. रुक-रुक कर बारिश हो रही है. जून माह के इस समय में सूर्य की किरणें धरती की सतह पर लंबवत पड़ती हैं. आसमान में बादल छाये रहने से इस बार सूर्य का विकिरण प्रभाव नहीं डाल पा रहा है. इसके कारण तापमान में कमी आयी है. उन्होंने कहा कि मानसून की सक्रियता में कमी आने पर तापमान में वृद्धि हो सकती है.
इसे भी पढ़ें –महिला दारोगा से हवलदार ने किया दुष्कर्म, वीडियो बना ब्लैकमेल करने का आरोप
विगत चार वर्षों के दौरान 16 जून का अधिकतम तापमान
शहर | 2018 | 2019 | 2020 | 2021 |
रांची | 36.8 | 39.7 | 32.8 | 25.1 |
जमशेदपुर | 40.0 | 42.2 | 34.0 | 26.5 |
डाल्टनगंज | 42.0 | 43.8 | 34.4 | 29.2 |
16 जून तक बारिश की स्थिति
वर्ष | रांची | जमशेदपुर | डाल्टनगंज |
2018 | 40.4 | 25.0 | 29.6 |
2019 | 7.2 | 56.2 | 14.6 |
2020 | 103.5 | 148.7 | 103.8 |
2021 | 158.9 | 153.3 | 140.2 |