- पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, मंत्री बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख ने भी किया सम्मानित
Ranchi : भारतीय महिला हॉकी टीम की फॉरवर्ड खिलाड़ी वंदना कटारिया 300वां अंतरराष्ट्रीय कैप अर्जित करने वाली पहली खिलाड़ी बन गई है. वीमेंस एशियन चैंपियनशिप के चौथे दिन के मुकाबले में हॉकी इंडिया ने उन्हें बधाई दी. उत्तराखंड के रोशनाबाद की रहने वाली वंदना ने मौजूदा महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में जापान के खिलाफ भारत के मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की. इसके साथ ही वंदना 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बन गई. मंगलवार को वंदना कटारिया के 300वें अंतराष्ट्रीय मुकाबले से कैप, अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. इस मौके पर मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री बादल पत्रलेख, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह मौजूद थे.
ओलंपिक खेलों में हैट्रिक बनाने वाली पहली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी
वंदना कटारिया तब सुर्खियों में आई, जब वह जर्मनी के मोनचेंग्लादबाक में जूनियर महिला विश्व कप में भारतीय टीम के लिए शीर्ष स्कोरर रही और टीम को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई. उसने टोक्यो 2020 ओलंपिक में भारत के ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रहने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वह ओलंपिक खेलों में हैट्रिक बनाने वाली पहली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी भी है. उसे 2022 में प्रतिष्ठित पद्मश्री पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है. अनुभवी फॉरवर्ड 2016 में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी और 2017 महिला एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य थी.
300वां कैप अर्जित करना विशेष क्षण
इस उपलब्धि पर वंदना कटारिया ने कहा कि मुझे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारत का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य मिला है. 300वां कैप अर्जित करना वास्तव में मेरे लिए एक विशेष क्षण है और इसकी याद मेरे दिमाग में लंबे समय तक रहेगी. यात्रा वास्तव में विशेष रही है और मैं बार-बार राष्ट्रीय जर्सी पहनकर धन्य महसूस करती हूं. जिंदगी में आए उतार चढ़ाव ने उन्हें मजबूत बनाया है. फैमली ने पूरा सपोर्ट किया है और ये टीम भी मेरी फैमली है. सभी ने मनोबल बढ़ाया है. अब आगे के मैच पर फोकस करते हुए बेहतर प्रदर्शन करना है.