Jamhedpur/Saraikela : भारत के तीरंदाज ओलंपिक में भाग लेने के लिए तोक्यो रवाना हो गए. भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने नई दिल्ली के इन्दिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तीरंदाजों को शनिवार देर रात विदा किया. साथ ही तोक्यो ओलिंपिक में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दी.
इसे भी पढ़ें : टोक्यो ओलंपिक में कोरोना की दस्तक, खेल गांव में मिला कोरोना का पहला मामला
अर्जुन मुंडा ने उम्मीद जाहिर की है कि भारतीय तीरंदाज तोक्यो ओलिंपिक में इतिहास रचेंगे. उन्होंने कहा कि देश के 130 करोड़ लोग खिलाड़ियों के साथ हैं, खुद पीएम मोदी ने उनका हौसला बढ़ाया है. सभी खिलाड़ी उत्साह से भरपूर हैं और इस बार ओलिंपिक में ये खिलाड़ी बहुत अच्छा प्रदर्शन करके इतिहास रचेंगे. भारतीय तीरंदाजी टीम में तरुणदीप रॉय, अतनु दास, प्रवीण जाधव (टीम इवेंट) व दीपिका कुमारी (एकल) शामिल हैं. सभी तीरंदाज टोक्यो पहुंच गए हैं. मालूम हो कि तीरंदाज दीपिका कुमारी ने तीरंदाजी का पहला पाठ सरायकेला-खरसावां जिला के खरसावां स्थित दामादिरी मैदान में पढ़ा. दूसरी ओर सरायकेला-खरसावां जिला तीरंदाजी संघ की अध्यक्षा मीरा मुंडा, सचिव सुमंत मोहंती, उपाध्यक्ष मंगल सिंह सोय, उदय सिंहदेव, उत्तम मिश्रा, दीपिका के प्रारंभिक कोच रहे बीएस राव, हिमांशु मोहंती आदि ने भी तीरंदाज दीपिका कुमारी समेत अन्य तीरंदाजों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी है.