Ranchi : राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहा भारत जोड़ो यात्रा कार्यक्रम झारखंड में भी चल रहा है. झारखंड कांग्रेस द्वारा हर दिन यह यात्रा अलग-अलग जिलों में आयोजित हो रही है. इसी क्रम में आगामी शनिवार को रांची महानगर कांग्रेस द्वारा राजधानी में यह यात्रा निकाली जाएगी. इसे लेकर प्रेस क्लब में महानगर कांग्रेस में प्रेस वार्ता की गयी. इस दौरान रांची जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ कुमार राजा, रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ राकेश किरण महतो, प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता राकेश सिन्हा आदि उपस्थित थे.
राजेश ठाकुर, आलमगीर आलम शामिल होंगे
महानगर अध्यक्ष डॉ कुमार राजा ने बताया कि शनिवार सुबह 10 बजे से जिला स्कूल के समीप शहीद स्मारक के पास सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता जमा होंगे. यहां पर शहीदों को नमन करने के बाद सभी कार्यकर्ता अलबर्ट एक्का चौक स्थित अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. फिर ओल्ड एचबी रोड से लालपुर में पदयात्रा करते हुए डिस्टलरी पुल स्थित बिरसा मुंडा की समाधि स्थल तक जाएंगे. कुमार राजा ने बताया कि कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, भारत जोड़ो यात्रा अभियान के प्रदेश संयोजक सह पूर्व कैबिनेट मंत्री सुबोध कांत सहाय, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, कैबिनेट मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख सहित पार्टी के सभी विंग यथा यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल एवं सभी मोर्चा के पदाधिकारी एवं नेता शामिल रहेंगे. शांतिपूर्ण यात्रा में लगभग 500 की संख्या में कार्यकर्ता और नेता के उपस्थित रहने की बात की गयी है.
इसे भी पढ़ें – उत्पाद मंत्री और सचिव में कोई तो बोल रहा झूठ, कार्रवाई क्यों नहीं करते सीएम : बाबूलाल