Jamshedpur : मौसम विभाग के पूर्वानुमान के विपरीत शुक्रवार को जमशेदपुर के आसमान से आंशिक बादल गायब रहे. दिन में कड़ी धूप निकली. इसके कारण गुरुवार की अपेक्षा शुक्रवार को दिन के तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. शुक्रवार को दिन का तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं दो दिनों से रात के तापमान में हो रही बढ़ोतरी आज से कम होने की संभावना जतायी गई है. मौसम विभाग के अनुसार 18 फरवरी की रात का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है जो गुरुवार के तापमान से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम है. रात के तापमान में आंशिक गिरावट के कारण हल्की ठंड महसूस हो सकती है.
22 तक आसमान रहेगा साफ, दिन में बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर कमजोर पड़ा है. झारखंड में हाल-फिलहाल कोई सिनोप्टिक सिचुएशन नहीं है. इसके चलते आसमान साफ रहेंगे. मौसम विभाग की मानें तो 20 फरवरी से झारखंड के उत्तर, पश्चिमी, दक्षिणी, मध्य भाग तथा इसके निकटवर्ती क्षेत्रों में गर्जन के साथ हल्के दर्जे की वर्षा की संभावना फिलहाल टल गई है. 22 फरवरी को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र से डिस्टर्बेंस की आंशिक स्थिति उत्पन्न होगी. इससे आंशिक रुप से झारखंड प्रभावित हो सकता है.