Ranchi : झारखंड पुलिस विभाग में 10 अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है. पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के तहत इन अधिकारियों को औद्योगिक निरीक्षक (औद्योगिक जमादार) से औद्योगिक निरीक्षक (औद्योगिक सूबेदार) के पद पर प्रोन्नत किया गया है.
पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार, महानिदेशक चयन पर्षद की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की गई. प्रोन्नत अधिकारियों में सुनील कुमार सिंह, भरत चंद्र पासवान, विश्वनाथ टिकी, बेजू रजक, सरस भगत, सरफराज खां, रविंद्र कुमार, साधु प्रसाद, राजेंद्र डुडु और सुमिनेर मुर्मू के नाम शामिल हैं.
ये सभी अधिकारी फिलहाल राज्य के अलग-अलग जिलों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इनमें हजारीबाग, रांची, जामताड़ा, पाकुड़, धनबाद, गुमला, देवघर, जमशेदपुर, साहिबगंज और चतरा शामिल हैं.
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नति का आर्थिक लाभ पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगा. साथ ही सभी प्रोन्नत अधिकारियों को तीन महीने के भीतर विभागीय प्रशिक्षण पूरा करना होगा. प्रशिक्षण निर्धारित समय में पूरा नहीं होने पर पदोन्नति वापस भी ली जा सकती है.
पुलिस मुख्यालय ने संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों और विभागीय अधिकारियों को आदेश की प्रति भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. विभागीय स्तर पर इसे प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम फैसला माना जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment