Search

पांच दिनों में जमशेदपुर में मिले 12 पॉजिटिव मरीज, एक्टिव केस भी बढ़कर 12 हुआ

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में हाल के दिनों में रोज कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आने के साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई हैं. इस सप्ताह 27 सितंबर को जिले में कोई पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया. उस दिन तक जिले में एक्टिव केस केवल 8 थे, लेकिन 28 सितंबर से प्रतिदिन पॉजिटिव मरीज मिलने से एक्टिव केसों में भी बढ़ोतरी हुई है. 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक 12 पॉजिटिव मामलों के साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या भी 12 हो गई है. जिले में 28 सितंबर को चार मरीज, 29 सितंबर को दो मरीज, 30 सितंबर को 4 मरीज एवं 1 अक्टूबर को दो मरीज मिले हैं. इनमें अधिकतर शहरी क्षेत्र के हैं. इन चार दिनों में 12 केस सामने आना जहां खतरे की घंटी की ओर इशारा कर रही है. वहीं इस दरम्यान टीकाकरण की रफ्तार भी धीमी रही. इसके कारण जिला प्रशासन को कई सेंटरों पर टीका बंद करना पड़ा. अगर पॉजिटिव मरीज मिलने का यही सिलसिला रहा तो तीसरी लहर से इनकार नहीं किया जा सकता. अक्टूबर माह त्योहारों का महीना है. खासकर दुर्गा पूजा में भीड़ बढ़ जाती है. ऐसे में अगर सावधानी नहीं बरती गई तो, दुर्गा पूजा में एक मरीज स्प्रेडर का काम करेगा और कई लोगों को संक्रमित करेगा. सिविल सर्जन डॉ. एके लाल ने हाल के दिनों में मरीजों की संख्या बढ़ने पर चिंता जाहिर की. उन्होंने कहा कि लोगों को अभी लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए. बरसात के मौसम में वायरल के अलावे मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया वगैरह का खतरा ज्यादा रहता है. ऐसे में अगर लापरवाही बरती गई तो कोविड का प्रसार भी संभव है. इसलिए उन्होंने लोगों से हमेशा मास्क का इस्तेमाल करने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और भीड़ भाड़ में नहीं जाने की अपील की.

कीनन में टीकाकरण के डोज व जिले में केन्द्र घटाए गए

पूर्वी सिंहभूम जिले में शनिवार को शहरी क्षेत्र में 21 और ग्रामीण क्षेत्र में 41 टीका केंद्रों पर 18 वर्ष के ऊपर के सभी लाभुकों का कोविड टीकाकरण किया जाएगा. वरीय प्रभारी वैक्सीनेशन कोषांग सह एसडीएम (धालभूम) संदीप कुमार मीणा ने बताया कि शनिवार को पूरे जिले में 62 केन्द्रों पर टीकाकरण होगा. कीनन स्टेडियम में डोज भी घटाए गए हैं. बीते एक सप्ताह से कीनन में कोविशील्ड के 1300 और को-वैक्सीन के 300 डोज उपलब्ध रहते थे. लेकिन आज दोनों टीकों में 100 डोज की कटौती की गई. दुर्गा पूजा त्योहार को देखते हुए उन्होंने जिले के सभी योग्य लाभुकों से अपने नजदीकी सेंटरों पर जाकर टीकाकरण कराने की अपील की. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//