- 50 लोगों को रोजगार देने का मिला था आश्वासन
- अब तक केवल 12 को ही मिला काम
- शेष 38 लोगों के रोजगार को लेकर बढ़ा असंतोष
Amit Kumar
Nowamundi : सेल प्रबंधन के रोजगार देने के आश्वासन पर अमल नहीं करने और लगातार टालमटोल करने से सारंडा पीठ के 12 गांवों के ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. इसी मुद्दे को लेकर मनकी-मुंडा एवं क्षेत्र के बुद्धिजीवियों ने सोमवार को सेल के जनरल ऑफिस पहुंचकर प्रबंधन के साथ वार्ता की.
हालांकि, वार्ता संतोषजनक नहीं रही. इससे नाराज ग्रामीणों ने अब आंदोलन करने का निर्णय लिया है. मनकी-मुंडा एवं श्रमिक संघ आगामी 26 अक्टूबर को संयुक्त रूप से सेल कार्यालय के मुख्य द्वार के समीप एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करेगा.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सेल प्रबंधन शेष 38 लोगों को जल्द से जल्द रोजगार उपलब्ध नहीं कराता है, तो वे खदान बंद करने के लिए मजबूर होंगे. इसकी पूरी जिम्मेदारी सेल प्रबंधन की होगी.

ये ग्रामीण रहे उपस्थित
वार्ता में कांडे चम्पिया (मुंडा), चरण चम्पिया (मुंडा), नंदलाल सुरीन (मुंडा), मांगता सुरीन, महेश गोप, लंका पूर्ति, सोमा चम्पिया, लालू चम्पिया, मधु सिद्धू, राहुल हैबरू, धुलाल चम्पिया और गुलियान चम्पिया सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे. सभी ने एकजुट होकर रोजगार की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही.
50 में से सिर्फ 12 को मिला रोजगार
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में जगन्नाथपुर के अनुमंडल पदाधिकारी के साथ हुई वार्ता में 50 लोगों को रोजगार देने का आश्वासन दिया गया था. लेकिन अब तक केवल 12 लोगों को ही काम मिल पाया है. शेष 38 लोगों को रोजगार से जोड़ने के मामले में लगातार टालमटोल किया जा रहा है. सेल प्रबंधन के इस रवैये से ग्रामीणों में असंतोष है. उनका कहना है कि सेल प्रबंधन अपने आश्वासन को पूरा करने में गंभीरता नहीं दिखा रहा है.