- - सड़क किनारे मिला घायल, टीएमएच में इलाज के दौरान हुई मौत.
Jamshedpur News: जमशेदपुर शहर के कदमा थाना क्षेत्र के टोल ब्रिज के पास सोमवार शाम एक 12 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृत किशोर का नाम सन्नी है, वह कदमा के रामजनम नगर का रहने वाला था.
जानकारी के मुताबिक सन्नी सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला था. स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया. जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया.
बताया जाता है कि सोमवार की शाम टोल ब्रिज के पास स्थानीय निवासी आशीष और अन्य लोग गुजर रहे थे. उन्होंने सड़क किनारे एक किशोर को घायल अवस्था में पड़ा देखा. पास जाकर देखने पर उसके शरीर पर कई जगह चाकू से वार किए जाने के निशान मिले. उन्होंने बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाया.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. सन्नी की मौत की जानकारी पुलिस ने परिजनों को दी. फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है.