New Delhi : भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र की सत्ता में 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मंगलवार को यहां आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला.
उन्होंने मोदी सरकार के अब तक के काल खंड को विश्वास, विकास और जनकल्याण का दौर करार देते हुए कहा कि इस दौरान राष्ट्र निराशा से उबर कर विकसित भारत' की राह पर अग्रसर हुआ है पूरे विश्व में देश की प्रतिष्ठा बढी है.
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, 2014 से पूर्व देश में अनिश्चितता और निराशा का माहौल था. चारों तरफ भ्रष्टाचार की चर्चा थी. कहा कि देश का नेतृत्व उस समय कमजोर था. उसमें भटकाव की स्थिति थी. पीएम मोदी ने जनता को विश्वास दिलाया. पीएम के नेतृत्व में जारी सुशासन से आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है.
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह अमित शाह सहित केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, अश्विनी वैष्णव और भाजपा के कुछ राष्ट्रीय पदाधिकारी उपस्थित थे. भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के आने से पहले सरकार में बैठे लोगों के लिए सत्ता का मकसद सिर्फ अपनी सत्ता बरकरार रखना मात्र बन गया था, मोदी ने राष्ट्र प्रथम की सोच पैदा की और पूरे देश को उससे जोड़ा.
नितिन नबीन ने कहा, मोदी के नेतृत्व में भारत सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने के सपने के साथ आगे बढ़ रहा है. कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ की आबादी, और पूरे संगठन को इस सपने के साथ जोड़ा है. विकसित भारत आज सामूहिक संकल्प बन चुका है. मोदी सरकार इसी संकल्प के साथ चल रही है.
भाजपा अध्यक्ष ने गरीबों को मुफ्त गैस कनेक्शन की उज्ज्वला योजना, हर घर में शौचालय और नल से पेयजल की सुविधा, गरीबों को पक्के मकान, 5 लाख तक के मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड , मुफ्त राशन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोगों को गरीबी के गर्त से उबारा गया है.
नितिन नबीन ने अयोध्या में भव्य राममंदिर के निर्माण, महाकाल और काशी विश्वनाथ धाम के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश अपनी विरासत पर गर्व करते हुए विकास की राह पर बढ़ रहा है. नमस्ते' शब्द आज वैश्विक कूटनीति की भाषा में शामिल हो गया है. योग और गंगा आरती की दुनिया में पहचान बनी है. सरकार 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत के भाव से आगे बढ़ रही है.
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटा कर मोदी सरकार ने जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के -एक विधान, एक निशान, एक प्रधान' के संकल्प को साकार किया. आतंकवाद की चुनौतियों का करारा जवाब दिया है और नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के संकल्प को इस साल पूरा कर लिया गया है.
कार्यक्रम का आरंभ वंदे मातरम और जनगण मन के गायन के साथ हुआ. भाजपा अध्यक्ष के संबोधन के बाद विश्वास, विकास, जन-कल्याण' शीर्षक से एक लघु फिल्म प्रस्तुत की गयी जिसमें मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में सामाजिक आर्थिक और तकनीकी प्रगति की झांकियां दर्शायी गयी थीं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
.
Leave a Comment