Search

 
 
 

महाराष्ट्र से हजारीबाग लाया गया 15 लाख का इनामी माओवादी कारू यादव

 
Hazaribagh: 15 लाख के इनामी माओवादी दीपक यादव उर्फ कारू यादव को महाराष्ट्र से हजारीबाग लाया गया. अब पुलिस उसे रिमांड पर लेगी और पूछताछ कर और जानकारी हासिल करेगी. पुलिस का कहना है कि इससे कई राज खुलेंगे. इससे पता चलेगा कि नक्सलियों ने कहां-कहां बंकर बना रखे हैं और कहां-कहां हथियार छिपा रखे हैं. साथ ही भाकपा माओवादी में कौन-कौन लोग शामिल हैं.
बता दें कि कारू यादव पिछले 17 वर्षों से झारखंड के हजारीबाग, चतरा, गिरिडीह, बोकारो, लातेहार और बिहार के गया जिले के विभिन्न जिलों में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी का सबसे महत्वपूर्ण व सक्रिय कमांडर रहा है. वह ईस्टर्न रिजनल ब्यूरो का दुर्दांत माओवादी माना जाता है. हजारीबाग पुलिस का दावा है कि इसकी गिरफ्तारी के बाद कोई शीर्षस्थ माआवादी जिले में नहीं बचा है. वह न सिर्फ पुलिस के लिए बड़ा सिरदर्द था, बल्कि समाज और सुदूरवर्ती क्षेत्र के विकास में बड़ा बाधक बना हुआ था.
हजारीबाग के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के ढोठवा आरा भुसारी गांव का रहने वाला कारू यादव 2004-05 में जमीन विवाद के कारण प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी से जुड़ गया था. उसके बाद 17 वर्षों में उसने कई हत्याएं, धमकी और लेवी वसूलने के साथ पुलिस संग मुठभेड़ की घटना को अंजाम दिया. उसने लातेहार के कटिया जंगल में जनवरी 2013 में पुलिस मुठभेड़ के दौरान छह पुलिस जवानों को मौत के घाट उतार दिया था. दरसअल उसने एक जवान का पेट चीरकर उसमें बम प्लांट कर विस्फोट कर दिया था.

कारू पर 56 मामले दर्ज हैं

कारू यादव पर विभिन्न थानों में कुल 56 मामले दर्ज हैं. उसने वर्ष 2020-21 में एक महीने के अंदर चतरा के मयूरहंड, सिमरिया व पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र में तीन पुलिस मुखबिरों की निर्मम हत्या कर दी थी. वह वर्ष 2007 में गिरिडीह में होमगार्ड सशस्त्रागार और वर्ष 2006 में खासमहल बोकारो कैंप पर हमला कर हथियार लूटने के अलावा दर्जनों हत्याएं, लेवी वसूली, पुलिस मुठभेड़, आगजनी और आईडी विस्फोट कर चुका है. बहुत ही कम समय में काफी महत्वपूर्ण घटनाओं का अंजाम दिए जाने के कारण वह माओवादी संगठन के कैडर से झारखंड रीजनल कमेटी का रीजनल कमांडर बन गया.

मुंबई के नालासोपारा क्षेत्र में रह रहा था कारू

बताया जाता है कि 18 सितंबर को हजारीबाग एसपी मनोज रतन चोथे को गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादी का कमांडर दीपक यादव अपनी बीमारी का इलाज कराने के लिए महाराष्ट्र स्थित मुंबई के नालासोपारा क्षेत्र में रह रहा है. इस सूचना पर एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एटीएस मुंबई के साथ समन्वय बनाकर वरीय उपाधीक्षक सीसीआर आरिफ इकराम के नेतृत्व में कोर्रा थानेदार उत्तम कुमार तिवारी और अन्य सशस्त्र बल के साथ एक टीम को मुंबई भेजकर दीपक यादव उर्फ कारू यादव को गिरफ्तार कर रिमांड पर हजारीबाग मंगाया.
इसे भी पढ़ें– पर्यावरण">https://lagatar.in/pm-modi-said-in-the-conference-of-environment-ministers-urban-naxals-kept-the-sardar-sarovar-dam-on-the-narmada-river-for-years/">पर्यावरण

मंत्रियों के सम्मेलन में बोले पीएम मोदी, शहरी नक्सलियों ने नर्मदा नदी पर सरदार सरोवर बांध को वर्षों तक रोके रखा
[wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही