Bokaro News: बोकारो थर्मल के CCL कथारा एरिया के गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में शुक्रवार को धनबाद CBI की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया. दोनों पर सेवानिवृत्त कर्मी के पेंशन और CMPF भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में 18 हजार रुपये लेने का आरोप है.
गिरफ्तार कर्मचारियों की पहचान CMPF डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज के रूप में हुई है. बताया गया कि गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में शुक्रवार सुबह करीब 11.30 बजे इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में CBI की टीम पहुंची थी.
मामला जनता नगर निवासी रसूल जमा से जुड़ा है. वह करीब सात महीने पहले सर्वे विभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं. आरोप है कि सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन और CMPF की राशि के भुगतान से संबंधित प्रक्रिया के लिए दोनों कर्मचारी उनसे रुपये की मांग कर रहे थे. लगातार मांग से परेशान होकर रसूल जमा ने धनबाद स्थित CBI कार्यालय में शिकायत की.
शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले का सत्यापन किया और कार्रवाई की योजना बनाई. इसके बाद शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम दी गई. शुक्रवार को जैसे ही उसने दोनों कर्मचारियों को 18 हजार रुपये दिए, पहले से निगरानी कर रही CBI टीम ने दोनों को पकड़ लिया.
दोनों की गिरफ्तारी के बाद CBI टीम उन्हें अपने साथ ले गई. कार्रवाई की जानकारी मिलते ही परियोजना कार्यालय में हड़कंप मच गया. CBI की टीम मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.