- अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार
Lagatar Desk : बिहार के सीतामढ़ी में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. डुमरा थाना और रूनीसैदपुर थाना की संयुक्त टीम ने लगमा गांव के पास छापेमारी कर एक नई टाटा कार से 207 लीटर विदेशी शराब बरामद की है.
शराब 23 कार्टून में रखी गई थी. पुलिस ने कार और शराब को जब्त कर लिया है, हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए. अब पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर के आधार पर उसके मालिक और तस्करों की पहचान करने में जुटी है.
डुमरा थानांतर्गत एक चार पहिया वाहन से 207 लीटर विदेशी शराब बरामद किया गया है। अग्रिम विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। https://t.co/0WaKcDSY88
— SITAMARHI POLICE (@SitamarhiPolice) November 9, 2026
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, डुमरा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार को सूचना मिली थी कि एक नई कार से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की तस्करी की जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तस्करों को पकड़ने के लिए योजना बनाई.
इसके बाद डुमरा थाना पुलिस ने रूनीसैदपुर थाना की टीम से संपर्क किया. दोनों थानों की पुलिस ने मिलकर लगमा गांव के पास घेराबंदी की. इसी दौरान संदिग्ध कार की तलाशी ली गई. जांच के दौरान कार के अंदर से 23 कार्टून विदेशी शराब बरामद हुई. इसकी कुल मात्रा 207 लीटर बताई गई है. पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही नई टाटा कार को भी जब्त कर लिया.
पुलिस को चकमा देकर तस्कर फरार
छापेमारी के दौरान तस्कर पुलिस के हाथ नहीं लग सके. बताया जा रहा है कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर सभी मौके से फरार हो गए. पुलिस अब जब्त कार के रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर के जरिए उसके मालिक की जानकारी जुटा रही है. जांच की जा रही है कि कार किसके नाम पर रजिस्टर्ड है और शराब की तस्करी में इसका इस्तेमाल कौन कर रहा था.
शराब कहां से आई, किसे होनी थी डिलीवरी, पता लगा रही पुलिस
शराब की खेप के स्रोत और उसकी डिलीवरी कहां होनी थी, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है. साथ ही इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
नेपाल सीमा के कारण तस्करी रोकना चुनौती
सीतामढ़ी जिला नेपाल सीमा से सटा हुआ है. ऐसे में यहां शराब की अवैध तस्करी पर रोक लगाना पुलिस के लिए लगातार चुनौती बना हुआ है. तस्कर पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं और महंगी गाड़ियों का इस्तेमाल भी कर रहे हैं. हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करी में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है.