बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग की घटना में राजस्थान की कोटा पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें से 2 हरियाणा और एक बिहार के रहने वाले हैं.
समाचार एजेंसी एनएनआई ने कोटा की एसपी तेजस्वनी गौतम के हवाले से बताया है कि कोटा सिटी पुलिस की टीम ने इन आरोपियों को एक एक ट्रेन से पकड़ा है. एसपी गौतम ने कहा है, "यह तीनों यहां से दिल्ली और फिर दिल्ली से नेपाल भागने की फ़िराक़ में थे. तीनों से पूछताछ की जा रही है."
इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर हुए हमले को लेकर कहा कि मुंबई पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है.
वहीं, बॉलीवुड की कई हस्तियों ने टाइगर पर हुए हमले को लेकर चिंता जतायी है. कई राजनेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं. इस बीच शिवसेना (यूबीटी) समेत कई विपक्षी दलों के नेताओं ने हमले की इस घटना को लेकर सरकार को घेरा है.
#WATCH | Kota, Rajasthan: Three accused, including a minor, have been apprehended by Kota Police in connection with the firing on Bollywood actor Tiger Shroff SP Tejaswani Gautam said the accused, Rehan alias Sukka of Haryana, Hritik Kurmi alias Roshan of Bihar, and a minor, will be handed over to Mumbai Police.
— ANI (@ANI) October 19, 2026
फडणवीस और शिंदे क्या बोले
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार सुबह मीडिया से बातचीत में कहा कि टाइगर पर हमला करने वाला कोई भी गैंग या कोई भी व्यक्ति हो, उसको छोड़ा नहीं जाएगा.
उन्होंने कहा, "यह बहुत निंदनीय है. मुंबई पुलिस ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है. निश्चित रूप से हमलावरों की पहचान भी कई गई है और जल्द इन लोगों को गिरफ़्तार किया जाएगा."
उन्होंने कहा, ''इनके आका जो कहीं छुपकर बैठे हैं, उनको भी हम ढूंढने का काम करेंगे. हम केंद्र सरकार की मदद से उनको ढूंढेंगे और उनपर कार्रवाई की जाएगी. इस घटना से जुड़ी हुई हर चीज़ की जांच की जाएगी. मैंने टाइगर श्रॉफ़ को आश्वस्त किया है कि वो चिंता ना करें. हम इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों का पता लगाएंगे और उनको (टाइगर श्रॉफ़) पूरी तरह से सुरक्षित रखेंगे."
अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर हुए हमले के बाद महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने रविवार देर रात उनसे मुलाक़ात की है. एकनाथ शिंदे ने इसे गंभीर घटना बताते हुए कहा कि राज्य सरकार टाइगर श्रॉफ़ के साथ खड़ी है.
एकनाथ शिंदे ने मीडिया से बातचीत में कहा, "टाइगर श्रॉफ़ पर गोलीबारी होना एक गंभीर घटना है. वो इस हमले में बाल-बाल बचे हैं. पांच राउंड फ़ायरिंग हुई, लेकिन ग़नीमत रही कि वे सुरक्षित बच गए. उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं, और यह घटना निंदनीय है. मैंने अभिनेता से मुलाक़ात की, उनसे बातचीत हुई. उनके बाएं हाथ पर गन पाउडर और कांच के टुकड़ों से चोटें आई हैं." शिंदे ने कहा, "लोगों को डराने-धमकाने की ऐसी कोशिशें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. जैसे को तैसा जवाब मिलेगा. हम इस गुंडागर्दी को पूरी तरह ख़त्म कर देंगे."
जांच के लिए पुलिस की 15 टीमें
सोमवार की सुबह पुलिस अधिकारियों की एक टीम अभिनेता टाइगर श्रॉफ के आवास पहुंची. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है, “रविवार की रात अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की एक घटना हुई. अभिनेता सुरक्षित हैं और उन्हें गोली नहीं लगी है. उनके ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लगी है. पुलिस ने जांच के लिए 15 टीमें बनाई हैं.”
#WATCH | Mumbai | A team of police officials leaves from the residence of Actor Tiger Shroff A firing incident involving Actor Tiger Shroff occurred last night. The actor is safe and has not sustained any gunshot injuries. His driver Firdous, sustained a gunshot wound to his left hand. The Police have formed 15 teams for the investigation
— ANI (@ANI) October 19, 2026
एक्टर रवि मिलने पहुंचे, शत्रुध्न सिन्हा भी चिंता में
फायरिंग की घटना के बाद अभिनेता रवि दुबे सोमवार को टाइगर श्रॉफ के घर मिलने पहुंचे. उन्होंने मीडिया से कहा, "मुझे बताया गया कि कल रात एकनाथ शिंदे जी भी यहाँ आए थे और उनसे मुलाकात की. मुझे यकीन है कि इससे उन्हें काफी तसल्ली मिली होगी. अच्छी बात है कि भगवान ने उनकी रक्षा की. इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करना बहुत जरूरी है. अगर वे पकड़े जाते हैं और उन्हें सजा मिलती है, तो हमें काफी राहत मिलेगी."
अभिनेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने टाइगर श्रॉफ़ पर हुई गोलीबारी के मामले पर चिंता जाहिर की है. शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि टाइगर की क़िस्मत अच्छी रही कि उन्हें कोई चोट नहीं आई. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "एक बेहद काबिल पिता जैकी श्रॉफ़ के बेटे और सबसे चहेते स्टार टाइगर श्रॉफ़ पर कल हमला किया गया, उन्हें धमकियां दी गईं, निशाना बनाया गया और गोलियां चलाई गईं. यह घटना चौंकाने वाली और चिंता बढ़ाने वाली है."
शत्रुघ्न ने लिखा, "टाइगर की क़िस्मत अच्छी थी कि उन्हें कोई चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर को बुरी तरह चोट लगी. महाराष्ट्र के माननीय मुख्यमंत्री फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इस गंभीर मामले को लेकर बहुत चिंतित नज़र आ रहे हैं."
कांग्रेस, एनसीपी, शिवसेना (यूबीटी) ने घेरा
इससे पहले राज्य के विपक्षी दलों ने क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाए. कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी ने कहा है कि राज्य के मुख्यमंत्री आम लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम रहे हैं. शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, "देवेंद्र फडणवीस इस राज्य के गृह मंत्री हैं. वे मुख्यमंत्री भी हैं, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी उन्हीं की है.. मुंबई में कभी सलमान खान पर हमला, बाबा सिद्दीकी की हत्या और ठाणे में हमारे शिवसैनिक प्रदीप पूर्णेकर की हत्या हो जाती है.
कल टाइगर श्रॉफ पर गोलियां चलाई. यह 'जंगल राज' है। सरकार को बर्खास्त करके राष्ट्रपति शासन लगाना चाहिए. हालात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नियंत्रण से बाहर चले गए हैं...मुझे डर है कि आने वाले दिनों में इसी गैंग का इस्तेमाल करके आप अपने राजनीतिक विरोधियों पर हमला कराएंगे."