Ranchi News: झारखंड में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 306 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी. इसके लिए 8 अक्टूबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी. इच्छुक अभ्यर्थी 31 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे.
इस भर्ती में दो तरह के पद शामिल हैं. स्वास्थ्य विभाग की ओर से 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर की नियुक्ति की जाएगी. वहीं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत 106 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पदों पर भर्ती होगी.
इन पदों के लिए एनेस्थीसिया, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, हड्डी रोग, बच्चों के रोग, त्वचा रोग, ईएनटी, रेडियोलॉजी, जनरल मेडिसिन, मनोरोग और सर्जरी सहित कई विषयों के विशेषज्ञ डॉक्टर आवेदन कर सकेंगे. कुछ पदों पर पैथोलॉजी और फॉरेंसिक साइंस के विशेषज्ञों की भी नियुक्ति होगी.
इसे भी पढ़ें -
आवेदन के लिए क्या होनी चाहिए योग्यता
इन पदों पर आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों के पास MBBS की डिग्री होनी चाहिए. इसके साथ संबंधित विषय में मान्यता प्राप्त संस्थान से पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा होना जरूरी है. अभ्यर्थियों का संबंधित मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीकरण भी होना चाहिए. दोनों श्रेणियों के पदों के लिए न्यूनतम आयु 23 साल और अधिकतम आयु 64 साल तय की गई है. आयु की गणना 31 अक्टूबर 2026 के आधार पर होगी.
अनुबंध पर होगी नियुक्ति
स्वास्थ्य विभाग के 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पदों पर नियुक्ति अनुबंध के आधार पर की जाएगी. वहीं NHM के तहत 106 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति अलग-अलग स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए होगी. चयनित डॉक्टरों की तैनाती संबंधित विज्ञापन में दिए गए स्थानों के अनुसार की जाएगी.
यहां करें ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी झारखंड रूरल हेल्थ मिशन सोसाइटी की वेबसाइट [www.jrhms.jharkhand.gov.in] और भर्ती पोर्टल [www.recruitment.jharkhand.gov.in] पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की प्रक्रिया 8 अक्टूबर से शुरू होगी और 31 अक्टूबर 2026 को रात 11:59 बजे समाप्त हो जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

