Gwalior News: प्यार में लोग ताजमहल बनाने की मिसाल देते हैं, लेकिन ग्वालियर में प्यार और सोशल मीडिया के एक अनोखे अंदाज ने कार मालिक को मुश्किल में डाल दिया. एक युवक ने अपनी कार पर करीब 3400 लिपस्टिक किस के निशान बनवाए, लेकिन सड़क पर इसी अंदाज में कार दौड़ाना उसे महंगा पड़ गया.
बताया जा रहा है कि युवक की गर्लफ्रेंड ने करीब साढ़े तीन घंटे में कार पर हजारों किसिंग मार्क्स बनाए थे. इसके बाद कार की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे.
सड़क पर निकली 'किसिंग कार', पुलिस ने रोका
जब यह कार ग्वालियर की सड़कों पर नजर आई तो ट्रैफिक पुलिस की भी नजर उस पर पड़ गई. थाटीपुर इलाके में पुलिस ने कार को रोक लिया और उसके मालिक से पूछताछ की.
पुलिस ने कार पर लगे लिपस्टिक के निशानों और वाहन की स्थिति को लेकर कार्रवाई करते हुए कार मालिक का 5,500 रुपये का चालान काट दिया. इसके साथ ही कार पर बने सभी लिपस्टिक किस के निशान भी साफ करवाए गए.
सोशल मीडिया पर वायरल होने का था ट्रेंड!
बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले के पीछे सोशल मीडिया पर वायरल होने का ट्रेंड था. युवक और उसकी गर्लफ्रेंड ने कार को अनोखे तरीके से सजाकर वीडियो और तस्वीरें बनाईं, लेकिन वायरल होने की चाहत सड़क पर ट्रैफिक नियमों से टकरा गई.
अब ग्वालियर की यह 'किसिंग कार' सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. लोग इस अनोखे प्यार के अंदाज पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. एक तरफ 3400 किसिंग निशानों की चर्चा है, तो दूसरी तरफ सवाल यही है कि आखिर प्यार का यह प्रदर्शन सड़क पर इतना महंगा कैसे पड़ गया!
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.