Search

 
 
 

अमृत वाहिनी पोर्टल से तीन दिनों में 356 संक्रमितों को मिला लाभ, अस्पताल में समय पर मिल गया बेड

 

Ranchi : कोरोना संक्रमित मरीजों को हॉस्पिटलों में बेड मिलने में हो रही परेशानियों का दूर करने और चिकित्सकीय परामर्श देने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अमृत वाहिनी पोर्टल और एप लांच किया था. सीएम की इस पहल से कोरोना संक्रमण से निपटने और संक्रमित लोगों को राहत देने में काफी राहत मिल रही है. केवल तीन ही दिनों में अमृत वाहिनी पोर्टल पर कुल 23,575 लोगों ने विजिट किया है. इसके द्वारा 356 मरीजों ने अस्पतालों में बेड की बुकिंग करायी है. साथ ही चैट बॉक्स पर 37,375 लोगों ने चैट के जरिए जरूरी जानकारियां हासिल की है. मरीजों ने कोविड से संबंधित चिकित्सीय परामर्श, प्लाज्मा दान, आहार चार्ट से संबंधित जानकारी ली है. बता दें कि बीते 7 मई को उपरोक्त पोर्टल और ऐप से कोविड के मरीजों को राज्य के विभिन्न अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड की जानकारी व बुकिंग कराने की सुविधा दी गई है. इस पहल से मरीजों और उनके परिजनों को काफी राहत मिली है.

घर बैठे मरीजों को मिल रही समुचित जानकारी, ऑक्सीजन की उपलब्धता सबसे अहम जानकारी

पूरे राज्य में रोजाना आने वाले संक्रमितों की संख्या में धीरे-धीरे कमी आ रही है. वहीं, कोविड की वजह से होने वाली मौतों की संख्या भी घटी है. अस्पतालों के चक्कर काटने वालों की संख्या में काफी कमी आयी है. मरीजों को घर बैठे ही समुचित जानकारी मिल रही है. जिन्हें बेड चाहिए, वे घर बैठे ही बुकिंग करा पा रहे हैं. ऑक्सीजन की उपलब्धता सहित अन्य जानकारियां भी मिल रही है.

सीएम की अपील, आवश्यकता होने पर राज्य की इस पहल का लें लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा है कि अमृत वाहिनी और चैटबॉट का अभी तक 37,000 से अधिक लोगों ने फायदा उठाते हुए आवश्यक जानकारियां हासिल की हैं. अभी तक 356 लोगों ने इसके माध्यम से अस्पतालों में बेड भी ऑनलाइन बुक कराया है. सीएम हेमंत सोरेन ने लोगों से अपील कर कहा है कि वे आवश्यकता होने पर राज्य सरकार की इस पहल का लाभ अवश्य लें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही