- वन विभाग ने जारी की अधिसूचना
- राजकुमार बाजपेयी, जब्बर सिंह और कर्मा जिम्पा भुटिया समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी
Lagatar Desk : झारखंड सरकार ने भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के 39 अधिकारियों का तबदला, नए स्थान पर पदस्थापन और प्रोन्नति का आदेश जारी किया है. वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से 10 नवंबर को जारी अधिसूचना में कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है.
इसके तहत अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक से लेकर वन प्रमंडल पदाधिकारियों तक का पदस्थापन किया गया है. वहीं, कई अधिकारियों को उच्च वेतनमान में प्रोन्नति भी दी गयी है. वहीं जिन अधिकारियों को कही पदस्थापित नहीं किया है, उन्हें मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश दिया गया है.
जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रतीक्षारत राजकुमार बाजपेयी (IFS 1994) को अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (अनुसंधान एवं प्रशिक्षण), झारखंड, रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है. उन्हें उत्तरी छोटानागपुर, दक्षिणी छोटानागपुर और संथाल परगना में प्रसार वानिकी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.
जब्बर सिंह (IFS 1995) को अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, कैम्पा (CAMPA), रांची बनाया गया है. कर्मा जिम्पा भुटिया (IFS 1997) की राज्य प्रतिनियुक्ति से सेवा वापस लेते हुए उन्हें अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (मानव संसाधन विकास), रांची के पद पर तैनात किया गया है. वे झारपार्कस के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे.
सिद्धार्थ त्रिपाठी (IFS 1999) को झारखंड राज्य वन विकास निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है. उन्हें एफडीए, रांची का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है. एसआर नटेश (IFS 2003) को मुख्य वन संरक्षक (सतर्कता), झारखंड का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
वहीं, पीआर नायडू (IFS 2008) को पे मैट्रिक्स लेवल-14 में मुख्य वन संरक्षक के पद पर प्रोन्नति देते हुए क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक, रांची बनाया गया है. वे भगवान बिरसा जैविक उद्यान, ओरमांझी के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे.
सबा आलम अंसारी और अभिषेक कुमार को वन संरक्षक के वेतनमान लेवल-13ए में प्रोन्नति दी गयी है. सबा आलम अंसारी को वन संरक्षक, प्रादेशिक अंचल रांची और अभिषेक कुमार को वन संरक्षक, प्रादेशिक अंचल जमशेदपुर के पद पर पदस्थापित किया गया है.
कई जिलों के DFO भी बदले
सरकार ने कई वन प्रमंडलों में भी नये अधिकारियों की तैनाती की है. राहुल मीणा को रांची, विकास पालीवाल को हजारीबाग पश्चिमी और राहुल कुमार को बोकारो का वन प्रमंडल पदाधिकारी बनाया गया है. अविरूप सिन्हा को लातेहार और मुकेश कुमार को दुमका का डीएफओ नियुक्त किया गया है.
इसके अलावा अनुराधा मिश्रा को लोहरदगा और श्वेताम सुमन (IFS 2023) को धनबाद का वन प्रमंडल पदाधिकारी बनाया गया है. विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि जिन अधिकारियों के स्थान पर दूसरे अधिकारियों की तैनाती हो चुकी है और उन्हें फिलहाल कोई नया पदस्थापन नहीं मिला है, वे विभागीय मुख्यालय में योगदान देना सुनिश्चित करेंगे.