Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

एअर इंडिया और इंडिगो के विमान से हिंसाग्रस्त ढाका से 400 लोग दिल्ली लाये गये

NewDelhi :  एअर इंडिया और इंडिगो ने बांग्लादेश की राजधानी ढाका के लिए विशेष उड़ानें संचालित कीं, जिनके जरिये 400 से अधिक लोगों को भारत लाया गया.  एक अधिकारी ने बताया कि एअर इंडिया की एक विशेष उड़ान से बुधवार सुबह छह बच्चों समेत 205 लोगों को भारत लाया गया.  घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले अधिकारी ने कहा कि एअर इंडिया ने ढाका में हवाई अड्डे पर बुनियादी ढांचा संबंधी चुनौतियों के बावजूद बेहद कम समय में विशेष उड़ान का संचालन किया.

विशेष विमान ने मंगलवार को ढाका से कोलकाता के लिए उड़ान भरी

इंडिगो ने एक बयान में कहा कि बांग्लादेश से भारतीय नागरिकों को वापस लाने गये इंडिगो के विशेष विमान ने मंगलवार को ढाका से कोलकाता के लिए उड़ान भरी. एअर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया कि ए321 नियो विमान से संचालित चार्टर्ड उड़ान मंगलवार रात ढाका से रवाना हुई थी .  इसके जरिये छह बच्चों व 199 वयस्कों सहित 205 लोगों को बुधवार सुबह भारत लाया गया. इंडिगो ने एक बयान में कहा, ‘ढाका हवाई अड्डे के अस्थायी रूप से बंद होने के बाद इंडिगो ने छह अगस्त 2024 को ढाका से कोलकाता के लिए विशेष उड़ान 6ई 8503 संचालित की. यह उड़ान बांग्लादेश से भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए संचालित की गयी.  सूत्र ने बताया कि इंडिगो की विशेष उड़ान से 200 से अधिक लोगों को ढाका से कोलकाता लाया गया. एयरलाइन ने यह भी कहा कि भारत और ढाका के बीच उड़ानों का संचालन बुधवार को फिर से शुरू होगा और उसने सभी प्रभावित लोगों से संपर्क किया है,

दिल्ली से उड़ान भरने वाले विमान में कोई यात्री नहीं था

एअर इंडिया दिल्ली से ढाका के बीच अपनी दो दैनिक उड़ानों का संचालन बुधवार से बहाल करेगा. मंगलवार को कंपनी ने बांग्लादेश की राजधानी के लिए अपनी सुबह की उड़ान रद्द कर दी थी, लेकिन शाम की उड़ान को तय समय पर रवाना किया था. विस्तारा और इंडिगो भी बुधवार से तय समयसारिणी के अनुसार ढाका के लिए उड़ानों का संचालन करेंगी. दोनों कंपनियों ने बांग्लादेश के हालात को देखते हुए मंगलवार को ढाका के लिए अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी थीं. विस्तारा ढाका के लिए मुंबई से दैनिक उड़ानों, जबकि दिल्ली से हफ्ते में तीन उड़ानों का संचालन करती है.

 बांग्लादेश अभूतपूर्व राजनीतिक संकट से जूझ रहा है

इंडिगो आमतौर पर दिल्ली, मुंबई और चेन्नई से ढाका के लिए रोजाना एक-एक उड़ान, जबकि कोलकाता से दो उड़ानों का संचालन करती है. बांग्लादेश विवादास्पद आरक्षण प्रणाली के खिलाफ कई हफ्तों से जारी हिंसक प्रदर्शनों के बीच, पिछले 15 साल से सत्ता में रहीं शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से अचानक इस्तीफा देने और देश छोड़कर चले जाने के कारण अभूतपूर्व राजनीतिक संकट से जूझ रहा है. इस आरक्षण प्रणाली के तहत 1971 के मुक्ति संग्राम में लड़ने वाले लोगों के परिवारों के लिए 30 फीसदी नौकरियां आरक्षित की गयी थीं. सरकार विरोधी हिंसक प्रदर्शनों में अब तक 300 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही