Ranchi : नगर निगम ने वार्डों को बेहतर और सुलभ स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल शुरू कर दी है. स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत शहर में विभिन्न प्रकार के शौचालयो बनाए जाएंगे. इसके लिए 43.25 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है. इस राशि से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में व्यक्तिगत शौचालय भी बनाए जाएंगे.
सामुदायिक, सार्वजनिक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शौचालय भी बनाए जाएंगे. इस योजना के तहत 250 व्यक्तिगत शौचालय बनाए जायेगें, 50 सामुदायिक, 65 सार्वजनिक शौचालय बनेगें, 20 एस्पिरेशनल टॉयलेट और 362 यूनिट शौचालय का निर्माण प्रस्तावित है. बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में निगम अधिकारियों के साथ बैठक हुई.
बैठक में शौचालय निर्माण के लिए स्थलों के चयन, आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता और कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई. नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चयनित स्थलों पर शीघ्र डिजाइन तैयार कर निविदा प्रक्रिया पूरी की जाए. निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए.
उन्होंने 15 अगस्त तक सभी प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण पूर्ण करने के भी निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुलभ शौचालय केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान और एक स्वच्छ शहर की पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया. मौके पर निगम के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.