New Delhi: भारत मंडपम में आयोजित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन में प्रदर्शित रांची स्मार्ट सिटी मॉडल के प्रति दर्शकों में खासा उत्साह और दिलचस्पी देखने को मिल रही है.
रांची स्मार्ट सिटी के तहत 656.3 एकड़ में ग्रीनफील्ड टाउनशिप विकसित की जा रही है. परियोजना के इंटीग्रेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर लगभग 469.96 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं. इसमें आधुनिक सड़क नेटवर्क, 24×7 बिजली एवं जलापूर्ति, सीवरेज, ड्रेनेज और भूमिगत यूटिलिटी नेटवर्क जैसी सुविधाएं शामिल हैं. वहीं लगभग 146.2 करोड़ की लागत से विकसित कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर (C4) के माध्यम से सीसीटीवी सर्विलांस, ट्रैफिक मॉनिटरिंग, ई-चालान और स्मार्ट सुरक्षा प्रणालियों को संचालित किया जा रहा है.
जनसंपर्क निदेशालय झारखंड सरकार के मुताबिक, रांची को शिक्षा, कौशल विकास और ज्ञान आधारित उद्योगों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं. झारखंड सरकार का लक्ष्य अगले 5 से 10 वर्षों में रांची को पूर्वी भारत के अग्रणी शैक्षणिक एवं कौशल विकास केंद्रों में स्थापित करना है, ताकि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं विकास के नए अवसर सृजित हों और शिक्षा तथा रोजगार के लिए युवाओं के पलायन को कम किया जा सके. IITF-2026 में प्रदर्शित रांची स्मार्ट सिटी मॉडल आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, तकनीकी नवाचार, निवेश और हरित विकास के जरिए झारखंड के भविष्य की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.