Giridih News: पारसनाथ स्टेशन पर अपने परिवार से बिछड़े करीब सात वर्षीय बच्चे को रेलकर्मियों की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचा दिया गया. बच्चे के मिलने की सूचना के बाद वाणिज्य निरीक्षकों और टीटीई ने उससे बातचीत कर उसके परिवार का पता लगाया और संपर्क स्थापित किया.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार वाणिज्य निरीक्षक सुनील मीणा, वेद प्रकाश मिश्रा एवं राहुल कुमार तथा टीटीई प्रिंस कुमार और भरत कुमार को पारसनाथ स्टेशन पर एक बच्चा अकेला मिला. करीब सात वर्षीय बच्चे ने संवेदनशीलता से पूछताछ करने पर अपना नाम विजय बताया. उसने बताया कि वह अपने परिजनों के साथ पारसनाथ घूमने आया था लेकिन इसी दौरान स्टेशन पर परिवार से बिछड़ गया. बच्चे ने अपना घर बोकारो थर्मल बताया.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलकर्मियों ने बच्चे को भरोसे में लेकर उसके अभिभावकों का संपर्क नंबर प्राप्त किया. इसके बाद परिजनों से संपर्क कर उन्हें बच्चे के सुरक्षित होने की जानकारी दी गई. बच्चे की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे सुरक्षित धनबाद लाया गया और डिप्टी एसएस धनबाद को सौंप दिया गया.
इसके बाद बच्चे से उसके अभिभावकों की पहचान कराई गई और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया.सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद बच्चे को सुरक्षित उसके अभिभावक को सौंप दिया गया. बच्चे के परिजनों ने राहत की सांस ली और रेलकर्मियों की तत्परता के लिए आभार जताया.
रेलवे कर्मियों की इस पहल ने एक बार फिर यात्री-केंद्रित सेवा भावना और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की.धनबाद मंडल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, सहायता और सुविधा के लिए रेलवे लगातार प्रतिबद्ध है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

