Ranchi: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC), रांची की ओर से 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026-27 के लिए झारखंड टीम में खिलाड़ियों के चयन के लिए राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हुई. पहले दिन आयोजित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया.
राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया में कुश्ती फ्री स्टाइल के 167, कुश्ती ग्रीको रोमन के 46, टेबल टेनिस के 91, योग के 178, जिम्नास्टिक के 41, सॉफ्टबॉल के 35, भारोत्तोलन के 37, बास्केटबॉल के 128 और तैराकी के 74 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. कुल 797 खिलाड़ियों में 479 बालक और 318 बालिका खिलाड़ी शामिल रहे.
विभिन्न खेल स्थलों पर खिलाड़ियों में उत्साह, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बा देखने को मिला. खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन के लिए जमकर पसीना बहाते नजर आए. कुश्ती के अखाड़े से लेकर टेबल टेनिस, योग, जिम्नास्टिक, सॉफ्टबॉल, भारोत्तोलन, बास्केटबॉल और तैराकी के स्विमिंग पूल तक खिलाड़ियों ने अपनी पूरी क्षमता का प्रदर्शन किया.
चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों के खेल कौशल, तकनीकी दक्षता, फिटनेस, प्रदर्शन और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का निर्धारित मानकों के अनुरूप मूल्यांकन किया जा रहा है. खिलाड़ियों के लिए यह चयन प्रक्रिया अपनी प्रतिभा साबित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का महत्वपूर्ण अवसर है.
राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया के अगले चरण में 13 अगस्त 2026 को रांची के खेलगांव स्थित विभिन्न स्टेडियमों में बास्केटबॉल बालक, खो-खो, गतका, कुश्ती बालिका, नेटबॉल, सेपक टेकरा और बैडमिंटन बालक वर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.