Search

 
 
 

मोहल्ला क्लीनिक के लिए 8.15 करोड़ मंजूर, शहरों के झुग्गी-बस्ती वालों को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं

झारखंड के शहरों के झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले लोगों को अब छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए दूर अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा. राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक के संचालन और प्रबंधन के लिए 8 करोड़ 15 लाख 15 हजार 200 रुपये मंजूर किए हैं.
 
झारखंड की खबरें

Ranchi : झारखंड के शहरों के झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले लोगों को अब छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए दूर अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा. राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक के संचालन और प्रबंधन के लिए 8 करोड़ 15 लाख 15 हजार 200 रुपये मंजूर किए हैं.

 

इस योजना के तहत शहरी गरीब परिवारों को उनके मोहल्ले के पास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. यहां सामान्य बीमारियों का इलाज, स्वास्थ्य जांच, जरूरी दवाइयां, गर्भवती महिलाओं व बच्चों की जांच, टीकाकरण और स्वास्थ्य संबंधी सलाह जैसी सुविधाएं मिलेंगी.

 

जरूरत पड़ने पर मरीजों को बड़े अस्पताल भी भेजा जाएगा. सरकार ने इस योजना को बजट में मुख्यमंत्री हाट बाजार एवं मोहल्ला क्लीनिक के नाम से भी शामिल किया है. इसका उद्देश्य उन लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जिनकी अस्पतालों तक पहुंच आसान नहीं है. 

 

इस योजना के लिए राज्य के 16 जिलों को राशि दी गई है. बोकारो को सबसे अधिक 1.28 करोड़ रुपये और हजारीबाग को 1.03 करोड़ रुपये मिले हैं. इसके अलावा पलामू, गिरिडीह, कोडरमा, रामगढ़, गढ़वा, पाकुड़, साहिबगंज, दुमका, गोड्डा, गुमला, जामताड़ा, लातेहार, लोहरदगा और खूंटी को भी इस योजना के तहत राशि आवंटित की गई है.

 

स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिया है कि मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक और राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत चल रहे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के काम में दोहराव नहीं होना चाहिए. दोनों योजनाओं के बेहतर तालमेल से लोगों को अधिक अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही