Ranchi News: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के सत्र 2026-27 के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है. कुल 86 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन प्रपत्र दाखिल किए. चुनाव समिति के अनुसार, चैंबर के चुनावी इतिहास में यह अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी है. प्राप्त कुल नामांकनों में कार्यकारिणी समिति के लिए 77 और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए 9 नामांकन शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें:
नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) के बाद चुनाव समिति के चेयरमैन अंचल किंगर और को-चेयरमैन पवन शर्मा ने बताया कि कार्यकारिणी समिति के लिए प्राप्त दो नामांकन मोनिका अग्रवाल और शौर्य खंडेलवाल के प्रपत्र निरस्त कर दिए गए हैं. इन दोनों के नाम चैंबर की सदस्यता सूची में प्रतिनिधित्व के रूप में दर्ज नहीं पाए गए. इसके अलावा छह अन्य प्रत्याशियों को नामांकन वापसी की अंतिम तिथि तक अपना डायरेक्टर आइडेंटिफिकेशन नंबर (DIN) जमा करने का समय दिया गया है. शेष कार्यकारिणी समिति के 75 और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के सभी 9 नामांकन वैध पाए गए हैं.
चुनाव समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है. नाम वापसी की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद चुनावी मैदान में डटे अंतिम प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी की जाएगी. को-चेयरमैन पवन शर्मा ने कहा कि व्यापारियों द्वारा चुनावी प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने से संस्था का दायरा और अधिक मजबूत व व्यापक हो रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

