
बैजनाथ मिश्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर लगभग सभी मुखर भाजपाई लगातार आरोप लगा रहे हैं कि राहुल गांधी विदेश जाकर देश विरोधी ताकतों से गुप्त मुलाकातें करते हैं और देश के दुश्मनों से समर्थन मांगते हैं. इसके जवाब में कांग्रेसी कहते हैं कि प्रमाण लाइए और मुकदमा ठोंकिए. इससे दो कदम आगे बढ़कर राहुल गांधी इस मुद्दे पर कई बार प्रधानमंत्री मोदी को बहस की चुनौती दे चुके हैं. राहुल का दावा है कि अगर मोदी उनके साथ बहस करें तो साबित कर देंगे कि वह विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने थे और अब भी विदेशी ताकतों के बूते जमे हुए हैं.
इस चुनौती के पक्ष-विपक्ष में अपने-अपने हिसाब से लिखने-बोलने वालों का तांता लग गया है. लेकिन जब हैदराबाद में कांग्रेस और तेलंगाना सरकार के तत्वावधान में आयोजित भारत सम्मिट में इटली की विपक्षी पार्टी "पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट" का एक नेता रियाकोमो फिलिबेक "वोट चोर गद्दी छोड़" का नारा लगाता है और राहुल तालियां बजाते हैं तो क्या इस आयोजन को भारत विरोधी शिखर सम्मेलन कहना गलता होगा?
ऐसा ही आयोजन पिछले साल भी हुआ था. तब भी किरकिरी हुई थी. लेकिन इस बार तो हद हो गई. इस आयोजन का घोषित उद्देश्य विपक्ष द्वारा विभिन्न मुद्दों पर अपनी नीतियां तय करना था. कहा गया था कि जलवायु परिवर्तन, आर्थिकी, कृषि और सामरिक मुद्दों से लेकर शिक्षा तक लगभग सभी खास मसलों पर कांग्रेस अपना विजन पेश करेगी.
लोकतंत्र पर चर्चा तो स्वाभाविक रुप से होनी ही थी, क्योंकि कांग्रेस की पुष्ट धारणा है कि देश का लोकतंत्र खतरे में है. लेकिन क्या दो दिनी इस सम्मिट से कोई ऐसी खबर आई जिससे पता चल सके कि कौन सी नीतियां बनीं, कितने प्रस्ताव पारित हुए और आगे की रणनीति क्या होगी? अलबत्ता यह आरोप जरुर लगाया गया कि सरकार ने एक सौ वक्ताओं को वीजा ही नहीं दिया.
शशि थरुर की मानें तो 315 वक्ताओं को बुलाया गया था जिनमें से 115 को रोक दिया गया. यदि यह आरोप सही है तो सरकार ने गलत किया. जो आये, उन्होंने ही क्या नहीं कर दिया जो दूसरे कर देते.
संभव है, सरकार ने कुछ वक्ताओं को भारत विरोधी के रुप में पहले ही चिन्हित कर लिया होगा और उन्हें वीजा नहीं दिया होगा. लेकिन वो आ जाते और उनमें से कुछ फिलबेक की तरह कोई दूसरा नारा लगवा देते तो कितना मजा आता.
वैसे कांग्रेस से भी यह पूछा जाना चाहिए कि जिन महानुभावों को भारत आने से रोका गया, उनमें नामचीन हस्तियां कौन-कौन थीं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी ख्याति किस क्षेत्र के विशेषज्ञ के रुप में है? जो एक नाम प्रकाश में आया है, वह है नार्वे की एक पत्रकार हेली लिग का. उनकी पहचान मात्र इतनी है कि उन्होंने नरेंद्र मोदी के नार्वे दौरे के क्रम में उनसे एक सवाल पूछा था जिसका जवाब नहीं मिला. हालांकि वह सत्र प्रेस कांफ्रेंस का था ही नहीं.
लेकिन मूल प्रश्न यह है कि मोदी से प्रश्न पूछने के अतिरिक्त उनका बौद्धिक वैशिष्ट्य क्या है? कांग्रेस को शायद उनकी योग्यता-क्षमता से कोई मतलब भी नहीं है. उसे दुनिया भर से छंटे-छंटाये मोदी विरोधियों, प्रकारांतर से भारत विरोधियों को जुटाना था और जलवा-ए-अफरोज करना और यह बताना था कि देखिए, दुनिया हमारे देश और हमारे लोकतंत्र के बारे में क्या सोचती, कहती है.
क्या हमारे देश में आर्थिक, सामाजिक, कृषि और सामरिक मामलों के जानकारों की कमी है? फिर भी यदि इस सम्मिट के लिए विदेशी मेहमानों को बुलाने की कोई बाध्यता थी तो उन्हें बुलाते जो भारत के विभिन्न मुद्दों पर अथॉरिटी हैं और जिनसे कुछ सीखा जा सकता है.
विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस ने सिर्फ मोदी विरोध के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए करीब सत्तर देशों से ऐसे लोगों को बुलाया जो विश्व के मानचित्र पर भारत को बामुश्किल खोज पायें. पता नहीं, यह कोई संयोग या दुर्योग है या राहुल ऐसी गलती कर जाते हैं जिससे सब गुड़ गोबर हो जाता है.
याद कीजिए, जब यूजीसी के निर्देशों के विरुद्ध सामान्य वर्ग के युवा सड़कों पर थे और भाजपा को सबक सिखाने का संकल्प व्यक्त कर रहे थे, तब राहुल ने मनुस्मृति को गाली देना मुनासिब और पितृसत्ता के खिलाफ मोर्चा खोलना जरूरी समझा.
हैदराबाद सम्मिट की सफलता शायद यही है कि एक विदेशी ने मंच से "वोट चोर गद्दी छोड़" का नारा लगा दिया. अगर यही इस आयोजन की एक मात्र कामयाबी है तो जरा भाजपा के हमलों पर गौर कीजिए. वह तीखे स्वर में कह रही है कि क्या अब भी किसी प्रमाण की जरुरत है कि राहुल गांधी देश द्रोह के सागर में गोते लगा रहे हैं और उसका नमकीन पानी जितना पीते हैं, प्यास और बढ़ती जाती है.
कांग्रेस के सिपहसलारों और राहुल के सलाहकारों को यह तथ्य भली भांति समझ लेना चाहिए कि संगठन, संसाधन और चुनावी रणनीति के बूते भाजपा को हराना असंभव नहीं तो मुश्किल जरुर है. वह हारेगी नैरेटिव से. जैसे 2024 के लोकसभा चुनाव में आरक्षण और संविधान पर खतरे का तुक्का चल गया था और भाजपा पांच दर्जन से ज्यादा सीटें हार गई थी.
राहुल पहले भी भारत में लोकतंत्र की रक्षा के लिए "डिफेंडर ऑफ डेमोक्रेसी" यानी अमेरिका-ब्रिटेन से मदद मांग चुके हैं और मुंह की खा चुके हैं. लेकिन छूटती नहीं है गालिब मुंह की लगी हुई.
अब चलते हैं दूसरे प्रसंग की ओर. स्थान दिल्ली का पांच सितारा होटल, पूरा सभागार नामी हस्तियों से भरा था. अवसर था सोनिया गांधी के किताब के लोकार्पण का. राहुल गांधी को बोलने के लिए आमंत्रित किया गया. उन्होंने अपने पिता राजीव गांधी और माता सोनिया जी के प्रेमातिरेक को एक चित्रात्मक वक्तव्य के माध्यम से परोस दिया. उन्होंने कहा कि भोजन के समय उनकी मां पिता की गोद में बैठती थीं. दोनों एक दूसरे को प्यारसने हाथों से खाना खिलाते थे.
सभागार का एक हिस्सा स्तब्ध था तो कुछ हिस्सा खिलखिलाहटों से गूंज उठा था. राहुल यहीं नहीं रुके. वह अपने एक गर्ल फ्रेंड के साथ कैंब्रिज के उस रेस्तरां में जाने का जिक्र किया जहां राजीव-सोनिया पहली बार मिले थे. लेकिन राहुल को वहां का खाना पसंद नहीं आया. उन्होंने उस गर्ल फ्रेंड की कैफियत पर रोशनी नहीं डाली.
जब सोशल मीडिया पर उनका यह भाषण ट्रोल होने लगा और राइटविंगर इंफ्लुएंसरर्स चढ़ बैठे तो उन्होंने भोलेनाथ की गोद में बैठी पार्वती का एक चित्र पोस्ट कर जवाब दे दिया. लेकिन उन्हें "यस्यांके च विभाति..." जैसा कोई श्लोक भी गढ़कर पोस्ट करना चाहिए था. वह अपने जवाब को और प्रभावशाली बनाने के लिए कालिदास के "कुमार संभव" में वर्णित शिव-पार्वती के अंतरंग संबंधों पर भी प्रकाश डालने और उसकी तुलना राजीव-सोनिया से करते हुए अपनी ज्ञान गंगा प्रवाहित कर देते.
यदि यह कार्य कठिन था तो वात्स्यायन के "सूत्र" से ही कुछ पोज डाल देते. यह भी संभव नहीं था तो खजुराहों की गुफाओं से ही कुछ मुद्राओं के चित्र उठा लेते और आलोचकों के मुंह पर दे मारते. वह धर्मवीर भारती की "कनुप्रिया" से ही कुछ विम्ब उठा लेते और राजीव-सोनिया के अगाध, अविरल, अविचल प्रेम का निरुपण कर देते.
राहुल और उनके सलाहकार यह समझने-मानने को तैयार नहीं हैं कि नग्नता स्थान सापेक्ष होती है. वह जिस स्थान और जिस मंच से अपने माता-पिता के घनिष्ट प्रेम का विवरण प्रस्तुत कर रहे थे, वह उसके लिए सर्वथा वर्जित था. लेकिन राहुल वर्जनाएं तोड़ने और हास्यास्पद गर्जनाएं करने में माहिर हैं.
वह स्वयं को शिव भक्त कहते हैं, लेकिन वह शायद जानते ही नहीं है कि शिव अर्द्धनारीश्वर हैं. यह भी कि पार्वती ने कठिन तपस्या से अपर्णा बनकर उन्हें रिझाया था और प्राप्त किया था. कैंब्रिज के किसी रेस्तरां के टेबल पर उनका प्रेम परवान नहीं चढ़ा था. सही है कि प्रेम संगीतमय जीवन की गहरी चलती धारा है जिसमें अवगाहन करनेवाले को दिव्य माधुर्य के अतिरिक्त कुछ दिखाई ही नहीं देता है.
लेकिन राहुल चाहते तो सोनिया-राजीव के प्रेम की उदात्तता के लिए दूसरे रुपक या उपमेय-उपमान चुन सकते थे, पर करें क्या, उन्हें न भारतीय संस्कृति, सभ्यता और परिवेश का ज्ञान है, ना ही वह परिस्थितियों का अनुरोध स्वीकार करने को तैयार हैं. तभी तो अपने मित्रों की माताओं को अपने पतियों की गोद में बैठकर खाते हुए नहीं देखते थे तो आश्चर्यचकित हो जाते थे. हम्माम में नंगा होना और मंचों पर नंगा होने में फर्क राहुल कब समझेंगे और उन्हें समझाएगा कौन?
उनका उद्देश्य नरेंद्र मोदी को हटाकर प्रधानमंत्री बनना है. लेकिन क्या वह गोपनीयता की शपथ का अनुपालन कर पाएंगे? उपर्युक्त उदाहरण से तो ऐसा नहीं लगता.
शिव-पार्वती की प्रतिमा की आड़ लेकर राहुल और कांग्रेसी जैसी बचाव की मुद्रा ओढ़े हुए हैं उससे भी सवाल उठता है कि क्या शिव सनातन या हिंदुओं के आराध्य नहीं हैं? फिर भरी संसद में हिंदुओं को हिंसक कहना जायज था या नाजायज? "रपट पड़े तो हर-हर गंगे" सिर्फ ढ़ोंग है. फंस गये तो शिव-पार्वती याद आने लगे.
भारतीय समाज को तब भी बुरा लगा था जब राहुल ने सार्वजनिक मंच पर बहन को किस्स किया था. प्रियंका से राखी बंधवाते हुए कोई तस्वीर तो राहुल ने कभी पोस्ट नहीं की. भाई दूज क्या होता है, उन्हें मालूम भी नहीं होगा. यह मान भी लिया जाये कि वे खुलेपन के समर्थक हैं, तब भी यह सवाल उठता है कि कितने फीसदी कांग्रेसी और राहुल समर्थक इस खुलेपन के साथ जीने और उसके इजहार के लिए तैयार हैं?
तर्क से सत्य की निष्पति नहीं होती है और कुतर्कों से सत्य छिपाया नहीं जा सकता है. पारिवारिक जीवन में कुछ प्रसंग, मूल्य होते हैं. वो गाना है न कि "परदे में रहने दो, परदा ना हटाओ, परदा जो हट गया तो भेद खुल जाएगा." राहुल अपने माता-पिता को डायनिंग टेबल पर जिस रुप में देखते थे, उसके बखान की जरुरत उस पुस्तक के विमोचन समारोह में करने की क्या आवश्यकता थी? प्रेम के प्रकटीकरण के जो तरीके पाश्चात्य संस्कृति में समान्य हैं, वे भारतीय संस्कृति में अमान्य है.
इस समय देश में हिंदू पुनर्जागरण का दौर चल रहा है. इसमें राष्ट्रवाद की छौंक भी लगती रही है. ऐसे में जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दीपावली को खुशियों भरी ईद बताकर मुबारकबाद देते हैं और महाज्ञानी मीडिया प्रमुख पवन खेड़ा दक्खिनी हिन्दी की चाशनी में डुबोकर उसे सही ठहराते हैं तो हिंदुओं के एक बड़े वर्ग की छाती में फफोले फूटते हैं. उस पर नमक छिड़कते हुए इमरान मसूद जब दीपावली को मानवजनित संक्रामक बीमारी बताते हैं तो कांग्रेस की विजय पताका फहरेगी कैसे? महादेव से बस यही प्रार्थना है कि वह राहुल को क्षमा कर दें, क्योंकि वह नादान हैं.