Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) हेमंत हटाओ-झारखंड बचाओ के नारे के साथ रांची में सचिवालय घेराव को सफल बनाने के लिए धनबाद से भारी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता रेल व सड़क मार्ग से रवाना हुए. तय समय से पूर्व कार्यकर्ता रांची स्थित विधायक आवास पहुंचे. यहां से एक साथ सभी घेराव स्थल के लिए रवाना हुए. कार्यकर्ताओं व आम लोगों का बड़ा दल सीधे घेराव स्थल पहुंचा. कार्यकर्ताओं का दल 10 अप्रैल की रात ही ट्रेन से रवाना होने लगा था. मंगलवार की सुबह 6 से 8 बजे के बीच जिले के सभी सात मंडलों के कार्यकर्ता 2 बस और दर्जनों चार पहिया वाहन से रांची रवाना हुए. निरसा से विधायक अपर्णा सेन गुप्ता, बाघमारा से ढुल्लू महतो, सिंदरी से विधायक इंद्रजीत महतो की पत्नी तारा देवी, झरिया से वरीय नेत्री रागिनी सिंह, भाजपा महानगर और ग्रामीण जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह और ज्ञान रंजन सिन्हा के नेतृत्व में कार्यकर्ता रवाना हुए.
षडयंत्र पर उत्साह भारी : पीएन सिंह
धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह और विधायक राज सिन्हा ने कहा कि आम जनता में सरकार के प्रति जबरदस्त रोष है. धनबाद के कार्यकर्ताओं को रांची तक पहुंचने में कई समस्याओं का सामना करना पड़ा. सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग भी कार्यकर्ताओं को रांची पहुंचने से नहीं रोक सका. सरकार के षडयंत्र पर कार्यकर्ताओं का उत्साह भारी पड़ा. सरकार ने लगाया पहरा : चंद्रशेखर सिंह
भारतीय जनता पार्टी के महानगर जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने रैली फ्लॉप कराने के लिए मशीनरी का दुरुपयोग किया. पुटकी से रांची तक पुलिस बल की तैनाती की गई है. कई स्थानों पर वाहन जांच के नाम पर कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया, लेकिन फिर भी जिले से हज़ारों कार्यकर्ता घेराव में शामिल हुए. गोला के पास लगाया जाम : अखिलेश
धनबाद सदर मंडल के महामंत्री अखिलेश झा ने बताया कि गोला के पास जानबूझकर जाम लगाया गया था. पुलिस के जवान जाम हटाने की बजाय वाहन जांच के नाम पर कार्यकर्ताओं को परेशान कर रहे थे. इस वजह से लगभग 2 घंटे तक दर्जनों वाहन घंटों जाम में फंसे रहे. भाजयुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष मुकेश पांडे ने बताया कि भीषण गर्मी में भी कार्यकर्ता डटे रहे. यह जनता का सरकार के प्रति आक्रोश का परिणाम है. प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश राही, जिला महामंत्री श्रवण राय, जिला उपाध्यक्ष संजय झा, मानस प्रसून, धनेश्वर महतो, उमेश यादव, योगेंद्र यादव, मिल्टन पार्थ सारथी, अमलेश सिंह, चंद्रशेखर मुन्ना, राजकिशोर जेना, पंकज सिन्हा, शेखर सिंह, तमाल राय, निर्मल प्रधान, स्वरूप भट्टाचार्य, रीता यादव, रमा सिन्हा, जया कुमार सहित अन्य के नेतृत्व में कार्यकर्ता रवाना हुए. [wpse_comments_template]
Leave a Comment