- इस साल रांची से भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले तीसरे खिलाड़ी बने शिखर
- पिता सूरज मोहन की प्रेरणा से रांची क्रिकेट एकेडमी से शुरू हुआ था सफर.
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची ने एक बार फिर राष्ट्रीय फलक पर अपना परचम लहराया है. रांची जिला क्रिकेट संघ के प्रतिभाशाली खिलाड़ी शिखर मोहन का चयन India A क्रिकेट टीम में हुआ है. शिखर का यह चयन न्यूजीलैंड में होने वाले आगामी बहुदिवसीय (डेज़) मैचों के दौरे के लिए किया गया है. पिछले कुछ वर्षों से जिला और राज्य स्तर पर अपने शानदार और निरंतर प्रदर्शन के दम पर शिखर ने यह मुकाम हासिल किया है.
रांची जिला क्रिकेट संघ के लिए गौरव का क्षण
रांची जिला क्रिकेट संघ के कार्यकारी सचिव शम्भु सिन्हा ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि शिखर मोहन इस वर्ष रांची जिला क्रिकेट संघ की तरफ से भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं. संघ और पूरे राज्य के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है.
वकील पिता से मिली क्रिकेट की प्रेरणा
शिखर मोहन की क्रिकेट यात्रा रांची क्रिकेट एकेडमी से शुरू हुई थी. बचपन से ही उनमें एक बेहतरीन खिलाड़ी बनने कीलक और प्रतिभा देखी गई. उनके इस सफर में उनके परिवार का विशेष योगदान रहा है. शिखर के पिता, श्री सूरज मोहन एक प्रतिष्ठित अधिवक्ता हैं, जो अपने युवा समय में स्वयं एक बेहतरीन क्रिकेटर रह चुके हैं. उन्होंने ही शिखर को क्रिकेट के प्रति प्रेरित किया और आज बेटे ने अपनी मेहनत के दम पर अपने राज्य, परिवार और पूरे रांची का नाम रोशन कर दिया है.
बधाइयों का तांता
शिखर मोहन के इस चयन से रांची और झारखंड के खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है. रांची जिला क्रिकेट संघ के कार्यकारी सचिव शम्भु सिन्हा समेत जिले के तमाम खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों ने शिखर को ढेरों शुभकामनाएं दी हैं और न्यूजीलैंड दौरे पर उनके शानदार प्रदर्शन की कामना की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.