Search

 
 
 

मतदाता सूची से छूटे लोगों को मिलेगा एक और मौका, 18 नवंबर को सभी बूथों पर विशेष कैंप

Ranchi News: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) के माध्यम से पात्र नागरिकों की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सक्रिय भूमिका निभायें.
 
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार

Ranchi News: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को एक और मौका मिलेगा. इसके लिए 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर एक और अवसर’ कैंप आयोजित होगा. इसके साथ ही बीएलओ-बीएलए-2 की छठी और अंतिम बैठक भी होगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) के माध्यम से पात्र नागरिकों की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सक्रिय भूमिका निभायें.


मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कैंप और चुनाव पाठशाला का आयोजन किया जायेगा. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे. बैठक में एसआईआर के तहत मतदाता सूची की अद्यतन स्थिति, प्राप्त शिकायतों और उनके निष्पादन की जानकारी भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गयी.


तीन श्रेणियों के मतदाताओं पर रहेगा विशेष फोकस

कैंप में मुख्य रूप से तीन तरह के मामलों पर ध्यान दिया जायेगा. पहली श्रेणी में निर्वाचन आयोग की ओर से पुनः प्रकाशित एएसडीडी (ASDD) सूची में शामिल वैसे नागरिक होंगे, जो पात्र भारतीय नागरिक हैं, लेकिन मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज नहीं हो सका है. ऐसे लोग निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 या इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सकेंगे.


दूसरी श्रेणी में नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी और अन्य मामलों से जुड़े वैसे मतदाता होंगे, जिन्हें निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी की ओर से दो बार नोटिस देने और घर-घर सत्यापन के बावजूद अब तक आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने के कारण सुनवाई की प्रक्रिया में रखा गया है. ऐसे मतदाताओं की सूची संबंधित मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी, ताकि वे जरूरी दस्तावेज जमा कर सकें.


तीसरी श्रेणी में ऐसे पात्र नागरिक होंगे, जिन्होंने एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है. ऐसे नागरिकों से फॉर्म-6 प्राप्त कर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जायेगी.


बीएलए-2 की उपस्थिति सुनिश्चित करें राजनीतिक दल

के. रवि कुमार ने कहा कि एसआईआर के तहत यह छठी और अंतिम बीएलओ-बीएलए-2 बैठक होगी. इसलिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल अपने बीएलए-2 की उपस्थिति सुनिश्चित करें. उन्होंने राजनीतिक दलों से कहा कि वे अपने स्तर पर ऐसे पात्र नागरिकों की सूची तैयार करायें, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है. यह सूची 18 नवंबर को संबंधित बीएलओ को उपलब्ध करायी जाये.

 

साथ ही इसे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के व्हाट्सऐप नंबर 6200079297 पर भी भेजा जा सकता है. बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर सहित सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही