Ranchi : जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले एक सप्ताह से जारी जेपीएससी-जेएसएससी छात्रों के चल रहे प्रदर्शन के बीच एक अजीबोगरीब मामला सामने आया. जहां लातेहार जिला के चंदवा प्रखंड अंतर्गत सिकनी निवासी नग्गू उरांव के 30 वर्षीय पुत्र हीरालाल उरांव शनिवार देर रात स्टेडियम के पिछले हिस्से में लगे हाईमास्ट टावर के ऊपर चढ़ गया. खबर मिलते ही सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने प्रदर्शन में अभ्यर्थियों के द्वारा इस्तेमाल किये जा रहे गद्दे टावर के चारों जमीन पर बिछा दिये गये.

हीरालाल लगभग आधे घंटे से टावर पर चढ़ा हुआ था. आधे घंटे बाद वह जोर-जोर से हल्ला करने लगा. उसने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बुलाने की मांग रखी. प्रदर्शन कर रहे हैं छात्रों और पुलिस की नजर उस पर पड़ी तो इसके बाद प्रशासन हीरालाल को उतारने की कोशिश में लग गया.

पुलिस के लाख बनाने के बावजूद हीरालाल टावर से नहीं उतरा. उसने पुलिस के समक्ष कई सारी मांगें रख दी.हीरालाल ने कहा कि वह अपनी पत्नी से बात करना चाहता है. उसकी पत्नी से कई दिनों से झगड़ा चल रहा है, जिसके कारण वह परेशान चल रहा है. साथ ही हीरालाल ने कहा कि वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात करना चाहता है.
मुख्यमंत्री साहब एक बार बालूमाथ जायें. वहां एक सभा आयोजित कर लोगो से बात करे और वहां के लोगों को नौकरी दे.हीरालाल ने जयराम महतो से भी बात करने की मांग रखी, इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने जयराम महतो के पीए को फोन लगाया. जानकारी के अनुसार जयराम महतो के पीए ने अपना पल्ला झाड़ते हुए कहा कि वह किसी बात की जिम्मेवारी नहीं लेते है.
हीरालाल ने कहा कि वह लगातार मीडिया में अपनी बात रख रहे थे, मगर सरकार उनकी बात नहीं सुन रही, इसलिए उन्हें यह कदम उठाना पड़ा.लाख मनाने के बाद भी जब हीरालाल नहीं माना तो प्रशासन ने वहां खड़े लोगों को अपने टेंट में जाने के लिए कहा और वहां से भीड़ को खाली करा दिया गया.
हीरालाल रात के 12:00 बजे टावर पर चढ़ा था. 6 घंटे बीत जाने के बाद भी वह टावर से नहीं उतरा. लगभग सुबह के 6 बजे हीरालाल ने पत्रकारों से फोन पर बात की. उसने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लिखित आवेदन दें या फिर वीडियो के माध्यम से नौकरी देने की बात रखें तभी वह टावर से नीचे उतरेगा.बालूमाथ से हीरालाल के माता-पिता समेत उनकी पत्नी और उनके बच्चे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे हैं.
इस घटना से परिवार वालों का रो रो का बुराहाल है. हीरालाल उरांव की शादी बालूमाथ स्थित टेमरावर निवासी जागेश्वर उरांव की पुत्री पूनम उरांव से हुई है. हीरालाल उरांव का एक तीन वर्षीय बेटा भी है.सुबह होते ही मॉर्निंग वॉक में पहुंचे लोगों व मीडिया कर्मियों का जमावड़ा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में लगा हुआ है. सभी लोग हीरालाल से टावर से नीचे उतरने की गुहार लगा रहे हैं. लेकिन अब तक वह उतरने को राजी नहीं है. कोतवाली थाना के सब इंस्पेक्टर अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ साथ आईआरबी की टुकड़ी, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग के साथ एम्बुलेंस मौके पर तैनात है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment