Palamu : जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र स्थित दादरा गांव (दंगवार) निवासी शशि कुमार पासवान (23 वर्षीय) पिछले तीन महीने से दुबई जेल में बंद है. उसके पिता ललन पासवान ने हुसैनाबाद थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर बेटे की रिहाई के लिए मदद की मांग की है. परिवार को उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी मामले में हस्तक्षेप करेंगे, ताकि शशि की घर वापसी का रास्ता निकल सके.
शशि की पत्नी सुमित्रा के अनुसार, उसका पति वर्ष 2025 में कंपनी के अनुबंध पर काम करने दुबई गया था. इसी बीच उसकी छोटी बहन की शादी 26 जून 2026 को तय हुई. शादी में शामिल होने के लिए शशि घर लौटना चाहता था. इसके लिए वह एक दलाल के संपर्क में आया.
इसे भी पढ़ें
आरोप है कि दलाल उससे घर भेजने का भरोसा देकर पैसे लिए और उसे टेलीग्राम से जुड़े एक मामले में फंसा दिया, जिसको लेकर दुबई की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. हालांकि, उसकी गिरफ्तारी के पूरे घटनाक्रम और मामले की कानूनी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

