- रजरप्पा मंदिर जा रहे थे सभी श्रद्धालु.
- एनएच-33 पर पैंकी में हुई दुर्घटना.
Ramgarh: झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) पर शनिवार की देर रात हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई है. दुर्घटना पैंकी में हुई. मरने वाले सभी बिहार के नवादा जिले के रहने वाले थे. सभी रजरप्पा मंदिर में पूजा करने जा रहे थे.

रामगढ़ के पैंकी के पास यही वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुई.
जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के जांघारों गांव के 14 लोग स्कॉर्पियो पर सवार होकर रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने आ रहे थे. एनएच-33 पर पैंकी के पास स्कॉर्पियो की एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई.

एनएच-33 पर पैंकी, यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं. सड़क सुरक्षा पर बड़ा सवाल बन गया है.
हादसे में चार बच्चों, चार महिलाओं और पांच पुरुषों समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन ने 13 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी मृतक बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे. घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर कुछ मृतकों की पहचान की गई है.

दुर्घटना में गंभीर रुप से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पैंकी एनएच-33 पर एक और सड़क हादसे की खबर ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. लगातार हो रही दुर्घटनाओं से इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले लोगों में दहशत का माहौल है.