Chatra: बॉडीगार्ड हत्याकांड मामले में गिरफ्तार आरोपी बलबीर सिंह को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस ने उसके कब्जे से एक इटालियन मेड लोडेड रायफल बरामद किया है.

सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मंगलवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि नेक्सा शोरूम के समीप एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मौके से ही आरोपी बलबीर सिंह को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया.
इसे भी पढ़ें:
उन्होंने बताया कि मृतक व्यक्ति की पहचान अतुल कुमार के रूप में हुई थी. अतुल कुमार बिहार के बक्सर का रहने वाला था. वह पूर्व मे असम रायफल मे सेवा देने के बाद रिटायरमेंट लेकर विनित यादव का प्राइवेट बॉडीगार्ड का काम कर रहा था. जबकि आरोपी बलबीर सिंह यूपी के अलीगढ़ जिले के राउपुर गांव का रहने वाला है.
एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में पुलिस अभी भी चतरा मे चल रहे बाईपास निर्माण का काम कर रहे रमिया कंस्ट्रक्शन के मालिक विनित कुमार यादव, उसके चालक व सरकारी बॉडीगार्ड सत्येंद्र कुमार को हिरासत में रख उनसे पूछताछ कर रही है.
एसडीपीओ नें बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक अतुल कुमार और आरोपी बलबीर सिंह दोनों रमिया कंस्ट्रक्शन के मालिक विनीत कुमार यादव के निजी बॉडीगार्ड थे और घटना के समय दोनों एक साथ गाड़ी मे ही मौजूद थे.
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों के बीच खैनी को लेकर कहासुनी हुई थी. यह मामूली विवाद देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गया. इसी दौरान गुस्से में आकर बलबीर सिंह ने अपनी रायफल से अतुल कुमार पर गोली चला दी. गोली लगते ही अतुल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त इटालियन मेड लोडेड रायफल जब्त कर ली है. जांच के दौरान आरोपी प्राइवेट बॉडीगार्ड बलबीर सिंह और ठेकेदार विनीत कुमार यादव से हथियारों के लाइसेंस एवं अन्य दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया. यदि दस्तावेज नहीं मिलते हैं तो संबंधित धाराओं में अलग से कार्रवाई की जाएगी.
एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. साथ ही हत्या के कारण, हथियारों की वैधता और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment