Ranchi : भाजपा सांसद जयंत सिन्हा, विधायक राज सिन्हा और पांच मंडल अध्यक्षों को किये गये शोकॉज पर कांग्रेस ने भी सवाल उठाया है. कांग्रेस ने कहा है कि जब धनबाद से भाजपा प्रत्याशी ढुल्लू महतो ने अपने सांसद और विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठाये थे, उस समय भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने ढुल्लू महतो को शो कॉज क्यों नहीं किया?
जनता का दर्द पार्टी के विधायक ने बयां कियाः सुखदेव भगत
लोहरदगा से कांग्रेस उम्मीदवार सुखदेव भगत ने इस मसले पर कहा कि जनता का दर्द आम जनता ने नहीं, बल्कि उनकी ही पार्टी के विधायक ने बयां किया है. जब एक विधायक आम जनता का दर्द बयां करता है तो समझ में आता है कि स्थिति क्या है. गांधी के इस देश में हम सब अहिंसा में विश्वास करते हैं, लेकिन जो नाथू राम गोडसे के अनुयायी हैं, वे हिंसा में विश्वास करते हैं. जिसके अंदर जैसी भावना रहेगी वह वैसी ही नजरों से लोगों को देखेगा. उन्होंने कहा कि बीजेपी को अपने खजाने भरने वाले प्रत्याशी की चिंता है. विधायक राज सिन्हा ने विवादित बयान नहीं दियाः संतोष सिंह
धनबाद के कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि विधायक राज सिन्हा ने कोई विवादित बयान नहीं दिया है. विधायक ने साफ छवि वाले को वोट देने की बात कही है. विधायक ने पंडित दीनदयाल के विचारों को रखते हुए कहा था कि अगर पार्टी सही उम्मीदवार का चयन नहीं करती है तो जनता को वोट देने का अधिकार दिया गया है. जनता को मतदान के माध्यम से अपना सही-गलत का फैसला करना चाहिए. उन्होंने कहा कि जब ढुल्लू महतो ने अपने सांसद, विधायक और भाजपा नेत्री रागिनी सिंह के पति पूर्व विधायक संजीव सिंह पर भी सवाल उठाये थे, उस समय भी भाजपा प्रदेश नेतृत्व को ढुल्लू महतो को शो कॉज देना चाहिए था. [wpse_comments_template]
Leave a Comment