Dumka: दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने सरैयाहाट थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध आरोपी की मौत के बाद वहां के थाना प्रभारी राजेंद्र यादव के खिलाफ कार्रवाई की है. राजेंद्र यादव को लाईन क्लोज कर दिया गया है. उनके स्थान पर अनुज कुमार को नया थाना प्रभारी बनाया गया है. इसके साथ ही राजेंद्र यादव के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरु कर दी गई है.
जानकारी के मुताबिक गत नौ अगस्त को पुलिस ने अरबाज अंसारी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था. उस पर मोटरसाइकिल छीन करने का आरोप था. बाद में चौराजोर मोड़ के पास उसका शव बरामद किया गया था. उसकी मौत कैसे हुई? पुलिस हिरासत में उसके साथ क्या किया गया? इन सवालों के जवाब अभी तक नहीं मिले हैं.
अरबाज अंसारी के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था. थाना में रखकर उसके साथ मारपीट की गई. जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस हिरासत में हुई मौत को छिपाने के लिए उसके शव को चौराजोड़ मोड़ के पास फेंक दिया गया.
घटना को लेकर परिजनों ने दुमका एसपी समेत डीजीपी को आवेदन भेजकर अरबाज की मौत की जांच करने और थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया था. जिसके बाद मामले की जांच शुरु की गई और घटना के 20 दिन बाद थाना प्रभारी को उनके पद से हटा दिया गया.