Search

 
 
 

बंगाल चुनाव से पहले कार्रवाई, कल्याणेश्वरी-मैथन चेकपोस्ट पर 2.41 करोड़ की डुप्लीकेट लॉटरी जब्त

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले झारखंड–पश्चिम बंगाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और चुनाव आयोग की संयुक्त टीम ने अवैध लॉटरी कारोबार का पर्दाफाश किया है. कल्याणेश्वरी-मैथन डैम चेकपोस्ट पर छापेमारी के दौरान 2 करोड़ 41 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की डुप्लीकेट लॉटरी जब्त की गई है.
 

Dhanbad : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले झारखंड–पश्चिम बंगाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और चुनाव आयोग की संयुक्त टीम ने अवैध लॉटरी कारोबार का पर्दाफाश किया है. कल्याणेश्वरी-मैथन डैम चेकपोस्ट पर छापेमारी के दौरान 2 करोड़ 41 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की डुप्लीकेट लॉटरी जब्त की गई है.

Uploaded Image

जब्त लॉटरी टिकट

जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को होने वाले प्रथम चरण के मतदान को लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है. इसी क्रम में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट और चुनाव आयोग की टीम ने सालानपुर थाना अंतर्गत कल्याणेश्वरी (मैथन डैम) नाका चेकपोस्ट पर संयुक्त जांच अभियान चलाया.

 

अभियान के दौरान झारखंड के मैथन (कालीपहाड़ी) से आसनसोल की ओर जा रही एक मिनी बस (संख्या WB37C5476, ‘कृपामय’) को संदेह के आधार पर रोका गया. सघन तलाशी लेने पर बस से 9 पेटियों में रखे 1108 बंडल अवैध डियर लॉटरी बरामद किए गए. प्रत्येक बंडल में 500-500 टिकट थे. जब्त लॉटरी की कुल कीमत 2.41 करोड़ रुपये आंकी गई है.

 

प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि इस खेप को पहले आसनसोल पहुंचाया जाना था जहां से इसे बीरभूम जिले के सिउड़ी भेजने की योजना थी. पुलिस को आशंका है कि इन डुप्लीकेट लॉटरी टिकटों को चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर खपाने की साजिश थी.

 

इस पूरे मामले में एक बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट के शामिल होने की बात सामने आई है. सूत्रों के अनुसार अवैध लॉटरी की छपाई झारखंड के धनबाद जिले के मैथन और निरसा क्षेत्र में की जा रही थी जहां से इसे विभिन्न जिलों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल में सप्लाई किया जा रहा था.

 

वहीं, बस के कर्मियों ने पूछताछ में बताया कि लॉटरी की पेटियां मैथन में लोड की गई थीं और उन्हें केवल आसनसोल तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया था. पेटियों में क्या सामग्री है इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं थी.

 

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और इस अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य सरगनाओं की तलाश की जा रही है. चुनाव से पहले इस बड़ी बरामदगी को सुरक्षा एजेंसियों के लिए अहम सफलता माना जा रहा है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही