Search

 
 
 

Adityapur Crime News: काड़ा हत्याकांड में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुख्य आरोपी प्रेम नायक गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हत्या के मुख्य आरोपी प्रेम नायक को रविवार को गम्हरिया हाट-बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है.
 

 Adityapur :  सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हत्या के मुख्य आरोपी प्रेम नायक को रविवार को गम्हरिया हाट-बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है. वहीं मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आदित्यपुर थाना का घेराव किया.

 Uploaded Image

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब एक बजे बोलायडीह शीतला मंदिर के पास गोप पाड़ा निवासी 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और लोगों में दहशत का माहौल बन गया था. 

 

मृतक के परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने आदित्यपुर थाना पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और थाने का घेराव कर सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की.

 

घटना के बाद जगन्नाथ गोप के भाई सोनू गोप ने पुलिस को दिए बयान में शिवम प्रामाणिक, शिबू, गणेश और प्रेम नायक पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया. परिजनों का कहना है कि हत्या वाले दिन सुबह गणेश और जगन्नाथ के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके कुछ समय बाद प्रेम नायक जगन्नाथ को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया, जिसके बाद उसकी धारदार हथियार से हत्या कर दी गई.

 

वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ समेत कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच तेज कर दी. इसी दौरान पुलिस ने रविवार को गम्हरिया हाट-बाजार में छापेमारी कर मुख्य आरोपी प्रेम नायक को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस ने मामले में अब तक चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि एक मुख्य आरोपी अभी भी फरार है.

 

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है. उससे मिली जानकारी के आधार पर हत्या में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है, पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

 

करीब डेढ़ वर्ष पहले जगन्नाथ गोप की पत्नी का निधन हो चुका है. अब उसकी हत्या के बाद उनके आठ वर्षीय बेटे और दो वर्षीय बेटी के सिर से पिता का साया भी उठ गया है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, इस हत्याकांड के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ लोगों में आरोपियों के खिलाफ गहरा आक्रोश देखा जा रहा है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही