Adityapur (Saraekela) : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में लगे मेले में रविवार देर रात हुए हादसे में रानी महाकुड़ गंभीर रु से घायल हो गईं. उनका इलाज टीएमएच में चल रहा है.
हादसा रात के क़रीब 12 बजे हुई. झूले से गिरकर मानगो निवासी रानी महाकुड़ गंभीर रूप से घायल हो गईं. परिजनों के अनुसार, इस हादसे में उनकी कॉलर बोन (हंसली) टूट गई है.
परिजनों ने बताया कि रानी महाकुड़ परिवार के साथ मेला घूमने गई थीं. इसी दौरान वह बिजली के झूले पर बैठी. झूला रुकने के बाद जब वह नीचे उतर रही थीं, तभी ऑपरेटर ने अचानक झूला चालू कर दिया. इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊपर से नीचे गिर गईं.
हादसे के बाद घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया. परिजनों का कहना है कि उनके इलाज में काफी खर्च आएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद झूला संचालित करने वाले लोग मौके से हट गए. वहीं, झूले में बैठे अन्य लोगों को भी काफी देर तक ऊपर ही रहना पड़ा.
घटना के बाद मेले में झूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. पीड़ित परिवार ने मांग की है कि सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले मेला संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाए और महिला के इलाज का पूरा खर्च भी संचालक उठाए.