Vinit Abha Upadhyay Ranchi : जनवरी में होने वाला झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन का चुनाव काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है. इसके लिए अभी से ही लॉबिंग शुरू हो चुकी है. नामांकन से पहले ही प्रत्याशी अधिवक्ताओं को अपने पक्ष में करने के लिए उनसे बातचीत और मिलना जुलना कर रहे हैं. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जनवरी में होने वाले चुनाव में अध्यक्ष पद और महासचिव पद के लिए कई हेवीवेट उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमायेंगे. अब तक हाईकोर्ट बार एसोसिएशन में जिन नामों की चर्चा है, उसमें वर्तमान अध्यक्ष ऋतू कुमार और वर्तमान महासचिव नवीन का दोबारा उसी पद पर चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है. अध्यक्ष पद के लिए इस बार ऋतू कुमार के अलावा ए के चतुर्वेदी, शेखर सिन्हा, राजीव कुमार (रिटायर्ड जिला जज), जय प्रकाश झा और आरएस पी सिन्हा के चुनाव लड़ने की चर्चा है. इस बीच यह बात की चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व महाधिवक्ता अजीत कुमार भी अध्यक्ष पद के लिए ताल ठोंक सकते हैं. हालांकि अभी ये सारे नाम सिर्फ चर्चा में ही हैं. दूसरी तरफ महासचिव पद के लिए वर्तमान में कार्यभार संभाल रहे नवीन कुमार के अलावा पूर्व में कोषाध्यक्ष रहे धीरज कुमार, सचिन कुमार, अवनिश कुमार मिश्रा, राकेश कुमार पाठक के नाम चर्चा में हैं. अगर उक्त सभी नाम जो चर्चा में हैं, वो चुनाव लड़ने का ऐलान करते हैं तो इस बार सबसे ज्यादा कांटे की टक्कर अध्यक्ष और महासचिव की कुर्सी पर काबिज होने के लिए होगी. बता दें कि झारखंड एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया गया है. अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और महासचिव समेत कुल 16 पदों पर 23 जनवरी को चुनाव होने हैं. नयी कमिटी के लिए हाईकोर्ट के करीब 2500 वकील मतदान करेंगे.
एडवोकेट एसोसिएशन चुनाव : अध्यक्ष व महासचिव पद पर होगी कांटे की टक्कर, अभी से लॉबिंग शुरू
Last Updated: Dec 26, 2024 12:00 AM (IST)