Search

 
 
 

अधिवक्ता गोपाल कृष्ण हत्याकांड : अपराधियों और रांची पुलिस के बीच मुठभेड़, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

 
Ranchi :  अधिवक्ता गोपाल कृष्ण हत्याकांड में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. रोशन मुंडा की गिरफ़्तारी अनगड़ा से हुई है. हालांकि उसका सहयोगी संदीप कालिंदी फायरिंग करते हुए भागने में सफल रहा.

पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़

जानकारी के अनुसार, कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस की टीम जब अपराधियों को पकड़ने के लिए अनगड़ा पहुंची थी तो अपराधियों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फायरिंग की. बताया जा रहा है कि रोशन मुंडा को पैर गोली लगी है. उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है. रोशन मुंडा को उसके साथी द्वारा की गयी फायरिंग में गोली लगी है या पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई में गोली लगी है अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. अपराधियों की गिरफ्तारी में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए की भूमिका बहुत ही अहम रही. बता दें कि रांची सिविल कोर्ट के अधिवक्ता गोपाल कृष्ण की शुक्रवार की सुबह चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी.

रोशन ने कहा -अधिवक्ता ने मेरे साथ की मारपीट इसलिए की हत्या

मुख्य आरोपी रोशन ने पुलिस को बताया है कि अधिवक्ता ने घटना के दिन उसके साथ मारपीट की थी. उसने कहा कि अधिवक्ता पूजा करने के लिए मंदिर जा रहा था, इसी दौरान वह अधिवक्ता से टकरा गया और उसका पूजा का सामान गिर गया. इसके बाद अधिवक्ता ने उसको बेरहमी से पीटा. इसी गुस्से में उसने कुछ देर बाद अधिवक्ता को उसके घर के सामने ही चाकू मारकर हत्या कर दी. हालांकि पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है. इस मामले में कुछ और भी तथ्य सामने आ सकते हैं. वहीं पुलिस दूसरे अपराधी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.

डीजीपी अनुराग गुप्ता ने वकील के परिजनों से की थी मुलाकात

सुखदेवनगर थाना क्षेत्र मधुकम स्थित महुआ टोली में सिविल कोर्ट के वकील गोपाल कृष्ण उर्फ गोपी बाबू की शुक्रवार को हत्या कर दी गयी थी. इस घटना के दूसरे दिन शनिवार को डीजीपी डीजीपी अनुराग गुप्ता अधिवक्ता के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे. डीजीपी ने मृतक गोपाल बाबू की मां और पत्नी से काफी देर तक बातचीत की. उन्हें अपराधियों के जल्द से गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था. इस दौरान डीजीपी ने परिजनों से कारण जानने का भी प्रयास किया, लेकिन घरवालों को इससे संबंधित कोई जानकारी नहीं होने के कारण कुछ बता न सके थे. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही