Jamshedpur : पूर्व सांसद स्वर्गीय सुनील महतो हत्याकांड की मुख्य आरोपी और 10 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली शकुंतला महतो उर्फ पुष्पा ने आखिरकार पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है. लंबे समय से फरार चल रही शकुंतला की तलाश झारखंड पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां कर रही थीं. सरेंडर के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
शकुंतला महतो का नाम वर्ष 2007 में घाटशिला के बड़ाबांकी फुटबॉल मैदान में हुए चर्चित हमले के बाद सामने आया था. इस हमले में तत्कालीन सांसद सुनील महतो, उनके दो अंगरक्षक और अन्य लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद शकुंतला भूमिगत हो गई और नक्सली संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम करती रही.
जांच एजेंसियों के अनुसार, फरारी के दौरान उसने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में अपनी पहचान बदल ली थी. वहां वह सामान्य नागरिक की तरह रह रही थी और घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई एवं वितरण का काम कर अपना जीवनयापन कर रही थी. सुरक्षा एजेंसियों की लगातार निगरानी और बढ़ते दबाव के कारण उसने अंततः आत्मसमर्पण करने का फैसला लिया.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शकुंतला महतो का सरेंडर नक्सल विरोधी अभियान के लिए बड़ी सफलता है. साथ ही, पूर्व सांसद सुनील महतो हत्याकांड और नक्सली संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों की जांच में भी इससे नई जानकारियां मिलने की उम्मीद है. जांच एजेंसियां अब उससे संगठन के नेटवर्क, सहयोगियों और अन्य गतिविधियों के बारे में पूछताछ कर रही हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment