Amit Singh Ranchi: पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के रुक्का प्रमंडल (स्वर्णरेखा शीर्ष कार्य प्रमंडल) में करोड़ों रुपए की वित्तीय धोखाधड़ी हुई है. वर्ष 2022-23 और 2023-24 में कुल 64 चेक से 20 करोड़ की संदिग्ध निकासी कर भुगतान किया गया है. राशि की निकासी रांची कोषागार द्वारा अनावंटित डीडीओ कोड (आरएनसीडब्लयूएसएस0017) से की गई है. जो झारखंड सरकार के बिलिंग एकाउंटिंग पोर्टल डब्ल्यूएएमआईएस (डब्ल्यूएएमआईएस) पर मेनटेन नहीं है. वहीं कुबेर पोर्टल (राज्य सरकार का सॉफ़्टवेयर) में अनावंटित दिख रहा है. एजी (एकाउंटेंट जेनरल) की जांच में इन तथ्यों का खुलासा हुआ है. एजी ने अपनी रिपोर्ट (142/2 जनवरी 2024) वित्त विभाग को भेज दिया है. रिपोर्ट के अनुसार वित्तीय वर्ष 2022-23 में कुल चार चेक जारी किए गए. सारे चेक 9 मार्च 2023 से 29 दिसंबर 2022 के बीच जारी हुए. इसके जरिए 2.30 करोड़ की निकासी हुई. वर्ष 2023-24 में कुल 60 चेक से 17.68 करोड़ की निकासी कर भुगतान किया गया है. यह निकासी डीडीओ कोड (आरएनसीडब्लयूएसएस0017) से हुई है. यह कोड चंद्रशेखर (ईईडीडब्ल्यू एंड एसएसएचडब्लयू) के नाम आवंटित है. चंद्रशेखर, रुक्का प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता है. रिपोर्ट के मुताबिक जिस कोड से राशि की निकासी व भुगतान किया गया है, उसका हिसाब पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट द्वारा नहीं किया गया जा रहा है, जो संदिग्ध धोखाधड़ी का संकेत देता है.
एजी का खुलासा : पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में करोड़ों की वित्तीय धोखाधड़ी
Last Updated: Jan 06, 2024 12:00 AM (IST)