Ranchi News: छठ से पहले रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. सामान्य दिनों के मुकाबले एक दिन में यात्रियों की संख्या 34 प्रतिशत तक बढ़ गई. 10 से 12 नवंबर के बीच लगातार तीन दिनों तक सात हजार से अधिक यात्रियों ने हवाई सफर किया. इन तीन दिनों में कुल 22,447 यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई.
तीन दिन तक रोजाना 7,000 पार रही यात्री संख्या
एयरपोर्ट के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 10 नवंबर को 7,547 यात्रियों ने सफर किया. इनमें 3,912 रांची पहुंचे और 3,635 यहां से रवाना हुए. 11 नवंबर को यात्रियों की संख्या 7,555 रही. इस दिन 3,904 यात्री पहुंचे और 3,651 ने उड़ान भरी. वहीं 12 नवंबर को कुल 7,345 यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई. इनमें 3,905 आगमन और 3,440 प्रस्थान करने वाले यात्री शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें -
government-has-reclaimed-valuable-land-that-was-in-the-possession-of-former-minister-yogendra-sao
सामान्य दिनों के मुकाबले 34% अधिक यात्री
आंकड़ों के मुताबिक, सामान्य दिनों में रोजाना औसतन करीब 5,500 यात्री आवाजाही करते हैं. 12 नवंबर को यह संख्या बढ़कर 7,345 हो गई. इस तरह सामान्य औसत के मुकाबले एक दिन में यात्रियों की संख्या करीब 34 प्रतिशत अधिक रही. छठ के लिए दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में लोग रांची पहुंच रहे हैं. इस वजह से भी एयरपोर्ट पर भीड़ बढ़ रही है.
दिल्ली, हैदराबाद, मुंबई और बेंगलुरु से बढ़ी मांग
छठ से पहले दिल्ली, हैदराबाद, मुंबई और बेंगलुरु से रांची आने वाली उड़ानों की मांग बढ़ी है. दिल्ली से रांची का एकतरफा हवाई किराया 9 से 13 हजार रुपये तक पहुंच गया है. वहीं हैदराबाद से आने के लिए 15 से 18 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं. मुंबई से रांची का किराया 21 हजार और बेंगलुरु से 17 हजार रुपये तक बताया गया है. दिल्ली से रांची पहुंचे एक यात्री ने बताया कि ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण उन्हें 9 हजार रुपये में हवाई टिकट लेना पड़ा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
