Search

 
 
 

विस नियुक्ति घोटाले में भी आलमगीर दोषी, गरीब युवाओं के हक की नौकरी नेताओं की पैरवी पर बांटी गयी : बाबूलाल

 
Ranchi :   झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम को ईडी ने बुधवार को छह घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था. मंत्री की गिरफ्तारी के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने एक्स हैंडल पर ट्वीट कर लिखा कि झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रहते हुए आलमगीर आलम ने विधानसभा में सैकड़ों कर्मियों को अवैध रूप से नियुक्त किया. गरीब युवाओं के हक की नौकरी नेताओं की पैरवी पर बांटी गयी. पैसे के लेनदेन की सीडी सामने आयी. मामला प्रकाश में आने पर विक्रमादित्य आयोग का गठन कर जांच की गयी, जिसमें आलमगीर आलम पर लगे आरोप प्रमाणित भी हुए. लेकिन इसके बाद जो हुआ वो युवाओं को जानना और समझना बेहद जरूरी है.

बाबूलाल ने हेमंत सरकार के कामकाज पर उठाये सवाल

बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए लिखा है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद युवा विरोधी हेमंत सोरेन ने विक्रमादित्य आयोग की रिपोर्ट पर कार्रवाई करने के बजाय उसकी समीक्षा के लिए एक और आयोग का गठन कर दिया. प्रदेश अध्यक्ष ने आगे लिखा कि दरअसल कांग्रेस झामुमो वाले नहीं चाहते कि नियुक्ति घोटाला की सच्चाई समाने आये और झारखंड के युवाओं को न्याय मिले.

बाबूलाल ने राज्य के युवाओं से की अपील

बाबूलाल ने आगे लिखा कि राजशाही खानदान में पैदा हुए और ऐशो-आराम में पले बढ़े हेमंत सोरेन झारखंड के गरीब युवाओं का संघर्ष कभी नहीं समझ पायेंगे. इन्होंने युवाओं का इस्तेमाल सिर्फ सत्ता हासिल करने के लिए किया है. अब युवाओं के पास मौका है. इन दुष्ट भ्रष्टाचारियों को सत्ता से बेदखल कर अपने साथ हुए विश्वासघात का बदला जरूर लें.

छह घंटे की पूछताछ के बाद ईडी ने आलमगीर आलम को किया गिरफ्तार

गौरतलब है कि ईडी ने झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम को बुधवार को  छह घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया. इससे पहले भी ईडी ने आलमगीर आलम ने नौ घंटे तक पूछताछ की थी. इस दौरान ईडी ने मंत्री से उनके पीएस संजीव लाल के नौकर जहांगीर के घर से बरामद 35.32 करोड़ कैश के बारे में पूछताछ की. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद ईडी ने दूसरे दिन यानी बुधवार को पूछताछ के लिए बुलाया. पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.  आलमगीर आलम की गिरफ्तारी टेंडर कमीशन घोटाला मामले में की गयी है. खबर लिखे जाने तक वह कांग्रेस कोटे से झारखंड सरकार में मंत्री हैं. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही