Search

 
 
 

21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक बिहार से झारखंड-बंगाल जाने वाली 50 से ज्यादा ट्रेनें रहेंगी रद्द, कई के रूट बदले

Bihar News : रेलवे के मुताबिक, 21 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच 50 से ज्यादा ट्रेनें रद्द रहेंगी. वहीं, कई ट्रेनों को बदले हुए रूट से चलाया जाएगा. कुछ ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है. इसका असर बिहार के साथ-साथ झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों पर भी पड़ेगा.
 
ट्रेन

Lagatar News :  बिहार से झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और दिल्ली जाने वाले ट्रेन यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर और सोनपुर मंडल में बड़े पैमाने पर निर्माण और कनेक्टिविटी से जुड़े कार्य होने वाले हैं. इसके चलते 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक इस रूट से जाने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा.

 

रेलवे ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस चेक करने की अपील की है. रेलवे के मुताबिक, 21 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच 50 से ज्यादा ट्रेनें रद्द रहेंगी. वहीं, कई ट्रेनों को बदले हुए रूट से चलाया जाएगा. कुछ ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है. 

 

राजेंद्र पुल और बरौनी रेलखंड पर होगा काम

रेलवे की ओर से राजेंद्र पुल स्टेशन पर रेल पुल के दोहरीकरण से जुड़ा काम किया जा रहा है. इसके साथ ही दिनकर ग्राम सिमरिया-बरौनी रेलखंड की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए भी काम होगा.

 

इन कार्यों के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य कराया जाएगा. इसी वजह से कई ट्रेनों को रद्द करने, उनका रूट बदलने और समय में बदलाव करने का फैसला लिया गया है. 

 

हावड़ा-पटना समेत कई ट्रेनें रहेंगी रद्द

निर्धारित तारीखों पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन बंद रहेगा. इनमें हावड़ा-पटना सुपरफास्ट स्पेशल, हावड़ा-मोकामा एक्सप्रेस, हावड़ा-रक्सौल एक्सप्रेस, कोलकाता-आरा गरीब रथ, कोलकाता-जयनगर एक्सप्रेस, मिथिलांचल एक्सप्रेस, तिरहुत एक्सप्रेस, गंगा सागर एक्सप्रेस और हावड़ा-दरभंगा एक्सप्रेस शामिल हैं. 

 

इसके अलावा राउरकेला-जयनगर, टाटानगर-जयनगर, टाटानगर-थावे, पुरी-पटना, रांची-गोरखपुर, बिलासपुर-बक्सर और टाटानगर-कटिहार एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेनों पर भी इसका असर पड़ेगा. ध्यान देने वाली बात यह है कि सभी ट्रेनें 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक लगातार रद्द नहीं रहेंगी. अलग-अलग ट्रेनों के लिए अलग-अलग तारीख तय की गई है, इसलिए यात्री अपनी ट्रेन का नंबर और यात्रा की तारीख जरूर जांच लें. 

 

कई ट्रेनों का बदलेगा रूट

रेलवे ने कुछ ट्रेनों को दूसरे रास्ते से चलाने का भी फैसला किया है. हावड़ा-नई दिल्ली दुरंतो को किउल-गया-ग्रैंड कॉर्ड के रास्ते चलाया जाएगा. वहीं पूर्वा एक्सप्रेस, अकाल तख्त एक्सप्रेस, गुरुमुखी सुपरफास्ट और विभूति एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को झाझा-किउल-शेखपुरा-बिहारशरीफ-बख्तियारपुर मार्ग से चलाया जाएगा.

 

मौर्य एक्सप्रेस, हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस और चेर्लापल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस को किउल-मुंगेर-बरौनी रूट से चलाने की योजना है. वहीं पूर्वांचल एक्सप्रेस की कुछ सेवाओं का रूट भी बदलेगा. ये ट्रेनें बर्द्धमान, रामपुरहाट, मालदा टाउन, कटिहार और बरौनी होकर चलेंगी. कुछ स्टेशनों पर इन ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव भी दिया गया है. 

 

मोकामा नहीं जाएगी जसीडीह-मोकामा मेमू

रेल कार्य का असर मोकामा-किउल रेलखंड पर भी रहेगा। 63571 जसीडीह-मोकामा मेमू 20 सितंबर से 4 अक्टूबर तक मोकामा नहीं जाएगी. यह ट्रेन किउल में ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी. वहीं 63572 मोकामा-जसीडीह मेमू 21 सितंबर से 5 अक्टूबर तक मोकामा के बजाय किउल से ही रवाना होगी.

 

धनबाद-पटना इंटरसिटी समेत इन ट्रेनों के समय में बदलाव

रेलवे ने कुछ ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया है. 3 अक्टूबर को धनबाद-पटना इंटरसिटी करीब तीन घंटे की देरी से रवाना होगी. वहीं टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस करीब दो घंटे की देरी से चलेगी.

 

यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर देखें

रेलवे के इस काम की वजह से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाते समय सावधानी बरतनी होगी. अगर आपकी यात्रा इस अवधि में है, तो स्टेशन जाने से पहले ट्रेन का नंबर, तारीख, रूट और समय जरूर चेक कर लें. ट्रेन की ताजा जानकारी के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139 और NTES का इस्तेमाल कर सकते हैं. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही