Search

 
 
 

Live Update : झारखंड में आज बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट, पलामू समेत 4 जिलों में होगी भारी बारिश

Chaibasa News: बंदगांव के पराया में बारिश से बही पुलिया, दर्जनों गांवों का आवागमन प्रभावित

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला की बंदगांव प्रखंड के टेबो पंचायत के पराया गांव में एनएच-75 मुख्य मार्ग से पिंगू जाने वाले रास्ते पर बनी पुलिया भारी बारिश के पानी में बह गई है. पुलिया के बह जाने से दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. 


चारपहिया वाहनों के आवागमन में भी काफी दिक्कत हो रही है. समस्या को लेकर टेबो पंचायत की मुखिया शीलवंती ओड़िया एवं झामुमो नेता मांगरा ओड़िया ने चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव एवं सांसद जोबा मांझी से अविलंब पहल करने की मांग की है. उन्होंने एनएच-75 मुख्य मार्ग से पिंगू तक करीब 4 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराने के साथ-साथ पराया में बह चुकी पुलिया का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है.

Jamtara News : भारी बारिश में गिरा कच्चा मकान, दो बैल दबे

बारिश में गिरा मकान.

Jamtara News : जामताड़ा प्रखंड की सुखजोड़ा पंचायत के गोलपहाड़ी टोला डूंगरीडीह में मंगलवार की रात भारी बारिश में एक कच्चा मकान गिर गया. यह घर कार्तिक किस्कू का है. घर गिरने से उसमें बंधे दो बैल मलबे में दब गए. आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दोनों बैलों को बाहर निकाला. समय रहते ग्रामीणों के पहुंचने से दोनों बैलों की जान बच गई. बताया गया कि लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की मिट्टी कमजोर हो गई थी. घटना के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

झारखंड के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा, प्रशासन अलर्ट

Ranchi : ताजा आंकड़ों के अनुसार सोन नदी, खेरवा में गुमानी नदी (46.900 मीटर) और जामताड़ा में अजय नदी (138.450 मीटर) के जलस्तर में अभी भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, हालांकि खरकई, स्वर्णरेखा और गंगा नदी के जलस्तर में अब मामूली गिरावट का रुझान है. डैमों के 100% भर जाने और नदियों के डेंजर लेवल से ऊपर बहने के कारण निचले इलाकों में जलभराव तथा बाढ़ का खतरा गहरा गया है. इसे देखते हुए स्वर्णरेखा, खरकई, गंगा और सोन नदी के किनारे बसे गांवों व बस्तियों में प्रशासन लोगों को लगातार अलर्ट कर रहा है. लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और जलस्रोतों के पास बिल्कुल न जाने की सख्त हिदायत दी गई है, जबकि जल संसाधन विभाग 24 घंटे स्थिति की निगरानी कर रहा है.

खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं झारखंड की प्रमुख नदियां

Ranchi : जलाशयों के उफान के साथ-साथ राज्य की प्रमुख नदियां भी अपना रौद्र रूप दिखा रही हैं और डेंजर लेवल को पार कर गई हैं. आदित्यपुर ब्रिज के पास खरकई नदी का जलस्तर 129.00 मीटर के खतरे के निशान को पार कर 132.50 मीटर दर्ज किया गया है. मानगो ब्रिज साइट पर स्वर्णरेखा नदी 121.50 मीटर के खतरे के निशान से काफी ऊपर 122.38 मीटर पर बह रही है. इसी तरह साहिबगंज में गंगा नदी 27.25 मीटर के डेंजर लेवल के मुकाबले 27.590 मीटर और जपला में सोन नदी 125.00 मीटर के खतरे के निशान को पार कर 126.550 मीटर पर पहुंच गई है. नदियों के इस बढ़ते जलस्तर ने तटीय इलाकों की चिंता बढ़ा दी है.

झारखंड के 11 जलाशय 100% फुल, कांके और धुर्वा डैम में बढ़ा पानी का दबाव

Piyush Gautam

Ranchi : राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो गई है. नदियों और डैमों में उफान के कारण कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. जल संसाधन विभाग के अनुसार, राज्य के 11 प्रमुख जलाशय अपनी शत-प्रतिशत भराव क्षमता (100%) तक पहुंच चुके हैं. राज्य के जो 11 प्रमुख जलाशय पूरी तरह भर चुके हैं, उनमें पारस (674.39 मीटर), नंदनी (674.69 मीटर), बुचाओपा, सुकरी, धनसिंगटोली, अपर शंख, टपकरा, कंसजोर, रामरेखा, जैनासाई और सोनुवा जलाशय शामिल हैं. इसके अलावा सिमडेगा का लारवा डैम (587.34 मीटर) और पश्चिमी सिंहभूम का तोरयो डैम (308.71 मीटर) अपनी अधिकतम क्षमता को पार कर ओवरफ्लो कर रहे हैं. इन सभी डैमों के पूरी तरह भर जाने के कारण इनसे कभी भी अतिरिक्त जल छोड़े जाने की पूरी संभावना है.

पानी के भारी दबाव को देखते हुए रांची के कांके डैम का गेट नंबर दो 31 अगस्त की रात से ही लगातार 4 इंच खोलकर रखा गया है. किसी भी अनहोनी से बचने के लिए कांके डैम के जलस्तर को फुल रिजरवायर लेवल (एफआरएल) से 9 इंच नीचे मेंटेन किया जा रहा है. वहीं, राजधानी के धुर्वा डैम का जलस्तर भी तेजी से बढ़ते हुए 34 फीट तक पहुंच चुका है, जबकि इसकी कुल क्षमता 39 फीट है.

Bokaro News : भारी बारिश में दो फैक्ट्रियों की बाउंड्री धराशायी

बारिश में गिरी बाउंड्री.

Bokaro News : बोकारो में लगातार हो रही भारी बारिश से औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है. नाली के अभाव में कई फैक्ट्रियों में बारिश का पानी घुस गया है. श्री दुर्गा इंटरप्राइजेज व इंडिजिनस इंडस्ट्रियल सिंडीकेट कारखाना में पानी घुस जाने से उनकी बाउंड्री ध्वस्त हो गई है. यह स्थिति तब है, जब क्षेत्र की हर कंपनी जियाडा को डेवलपमेंट कर चुकाती है. जियाडा ने क्षेत्र में अभी तक नाली का निर्माण नहीं कराया है. कंपनी प्रबंधक कमल कुमार पांडेय ने बताया कि गोविंद मार्केट, हाउसिंग कॉलोनी, छतनीटांड़ व आसपास के क्षेत्रों का पानी बहकर फेक्ट्री में प्रवेश करने से दो साइड की बाउंड्री धाराशाई हो गई. कुछ जगह पर नाली का निर्माण तो किया गया है, लेकिन साफ-सफाई नहीं होने के कारण पानी सड़क बह रहा है.

Bokaro News : बारिश ने मचाई तबाही, कई घर ध्वस्त

बारिश में गिरा घर.

Bokaro News : बोकारो में लगातार हो रही बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. चास इलाके में कई घर ध्वस्त हो गए हैं. चास प्रखंड के ग्वालडीह में बीरेन गोप, अशोक गोप, मोहन गोप, समीर गोप व मनपुरन महतो के घर तेज बारिश में जमींदोज हो गए. इस इन परिवारों को रहमो का दिक्कत हो गई है. वे पड़ोसियों के घरों में रहने को विवश हो गए हैं. मवेशियों को बारिश के बीच रहना पड़ रहा है. लेकिन प्रशासन ने अब तक पीड़ित की सुध नही ली है. बीरेन गोप ने बताया कि घर गिरने से पूरा परिवार दूसरे के घर में रह रहा है. वहीं, मनपुरन महतो ने कहा कि पूर परिवार प्लास्टिक टांगकर गुजारा कर रहा है.

Jamtara News :दक्षिणबहाल जोरिया का डायवर्सन धंसने का खतरा, दुर्घटना की भी आशंका बढ़ी

डायवर्सन के धंसने का खतरा

Jamtara News : जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण दक्षिणबहाल जोरिया का पानी डायवर्सन के ऊपर तक पहुंच गया. वहीं, गार्डवाल का निर्माण नहीं होने के कारण तेज जलधारा से सड़क के नीचे की मिट्टी बह गई है, जिससे सड़क का एक हिस्सा अंदर से खोखला हो गया है और डायवर्सन के धंसने का खतरा बढ़ गया है. इससे आवागमन बाधित होने के साथ बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है.

Jamtara News : बारिश के कारण दीवार गिरी, आठ माह की गर्भवती की मौत

दीवार गिरने से गर्भवती की मौत

Jamtara News : नारायणपुर थाना क्षेत्र के पन्दनी गांव में लगातार हो रही बारिश के कारण मंगलवार  देर रात दीवार गिर गई. जिसके मलबे दबकर आठ माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया.

कोडरमा: बारिश बनी आफत, हाईवे की लेन तालाब, जलजमाव में फंसी एसडीओ की गाड़ी

Koderma: लगातार हुई बारिश कारण कोडरमा में जगह-जगह जल-जमाव की स्थिति है. जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. लोगों के घरों में पानी घूस गया. हाईवे की एक लेन पूरी तरह पानी में डूब गई, जबकि सर्विस रोड पर कई वाहन जलजमाव में फंस गए. निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) की गाड़ी भी पानी में फंस गई. अधिकारियों को काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकालना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जाती. जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी देर की बारिश भी शहर की रफ्तार थाम देती है. व्यापारियों और राहगीरों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि शहर के मुख्य मार्गों पर जलजमाव से न केवल आवागमन प्रभावित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है. कई दोपहिया वाहन चालक पानी भरे गड्ढों में फंसकर गिरते-गिरते बचे.

 

 

रांचीः कोकर के भाभा नगर में जल-जमाव, घर से निकलना मुश्किल

राजधानी रांची के कोकर के भाभानगर में पानी जमा हो गया है, इससे लोगों को परेशानी हो रही है.

Ranchi : लगातार हो रही बारिश की वजह से राजधानी रांची में कई मुहल्लों में जल जमाव देखने को मिल रहा है. कोकर के भाभा नगर में सड़क पर पानी जम गया है. यह मुहल्ला शहर के वार्ड-10 में आता है.  जल-जमाव की वजह कई घरों में पानी भर गया है. सड़कें डूब गई हैं और लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. भाभा नगर में जल निकासी की सही व्यवस्था नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी है. 

लातेहारः मंडल डैम का फाटक नहीं खुला, तीन गांव के 36 घर डूबे

Latehar: लातेहार जिला और उसके आसपास लगातार हो रही बारिश की वजह से मंडल डैम का जलस्तर बढ़ गया है. जलस्तर बढ़ने के बाद मंडल डैम के फाटक को खोलने की कोशिश की गई. लेकिन फाटक नहीं खुला. फाटक नहीं खुलने की वजह उसमें कचरा का फंसा होना बताया जा रहा है. फाटक नहीं खुलने के कारण डैम का पानी बढ़ता ही चला गया और पास के तीन गांव में पानी घूस गया. जिन गांवों में पानी घुसा है उसमें कुटकू, भजना और कुरा गांव शामिल है. इन गांवों में रहने वाले करीब 36 परिवार के घरों में पानी घूस गया है और सभी घरों के सामान खराब हो गए हैं. परिवार को लोग किसी तरह ऊंचे स्थान पर पहुंच कर रह रहे हैं.

चाईबासाः छींकपानी में नाला में बहकर युवक की मौत

Chaibasa: चाईबासा जिला में नाला में बहने से एक युवक की मौत हो गई है. मृतक का नाम सोमा सुंडी है. उसकी उम्र 24 साल थी. वह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के संकोसाई गांव का रहने वाला था. जानकारी के मतुबाक सोमा सुंडी झींकपानी के चिड़िया पहाड़ी गांव के पास स्थित नाला पर थे. तभी उन्होंने एक बैल को तेज बहाव में बहते देखा. उन्होंने बैल को बचाने के लिए नाला में छलांग लगा ती. किसी तरह बैल को बाहर निकाला, लेकिन इस दौरान वह खुद पानी के तेज बहाव में बह गए. और उनकी मौत हो गई. ग्रामीणों ने शव को बरामद करने के बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी. जिसके बाद पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टरमार्टम के लिए भेज दिया है. यह घटना एक सितंबर की है. 

गिरिडीहः उसरी नदी उफान पर, जन-जीवन अस्त-व्यस्त

Giridih: गिरिडीह में लगातार हो रही बारिश की वजह से लोगों के काम पर असर पड़ रहा है. जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. सड़कों पर पानी जमा होने की वजह से लोगों को आने-जाने में दिक्कतें हो रही हैं. वहीं गिरिडीह जिला से गुजरने वाली उसरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. नदी उफान पर है. लोग नदी का बहाव देखने के लिए पहुंच रहे हैं. वहीं नदी के आस-पास के गांव के लोग इस बात से डरे हुए हैं कि कहीं पानी उनके घर तक नहीं पहुंच जाये.

बोकारो : पिंड्राजोर में तीन कच्चे मकान ध्वस्त

Bokaro: बोकारो जिला में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है. लगातार हो रही बारिश के कारण चास प्रखंड के पिंड्राजोर पंचायत के ग्वालाटोली स्थित तीन लोगों का घर ध्वस्त हो गया है. तीनों मकान मिट्टी से बना हुआ था. जिनके मकान गिर गए हैं, उनके नाम अशोक गोप, समीर गोप और प्रफुल्ल घटवार है. मकान गिरने की वजह से घर का सारा समान बर्बाद हो गया है.  जानकारी के मुताबिक तीनों का परिवार इस बरसात में प्लास्टिक के नीचे किसी तरह दिन-रात गुजार रहे हैं. प्लास्टिक से किसी तरह घर के एक कोने को ढ़ंककर रखा है ताकि पानी में भींगते रहने से बच सके. 

जामताड़ाः बारिश से गिरी छत, गर्भवती महिला की मौत

Jamtara : जामताड़ा जिला के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चरकपानी गांव में बारिश के कारण घर का छत गिर गया. इस दुर्घटना में घर में मौजूद महिला की मौत हो गई. महिला गर्भवती थी. मृत महिला का नाम लीलावती देवी है.

जानकारी के मुताबिक छत गिरने के बाद लीलावती मलबे के नीचे दब गई थी. ग्रामीणों ने किसी तरह मलबे को हटाकर उसे बाहर निकाला. उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए ग्रामीण उसे धनबाद स्थित अस्पताल ले गए. जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. 

लगातार बारिश से पतरातू डैम लबालब, 4 फाटक खोले गये, प्रति घंटे 1330 क्यूसेक पानी की निकासी

पतरातू डैम में पानी ज्यादा होने के बाद फाटक संख्या 3, 4, 5 और 6 खोला गया.

Patratu/RamgarhNews : लगातार बारिश के बाद पतरातू डैम का जलस्तर बढ़ गया है. डैम की सुरक्षा और  जलस्तर को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से प्रबंधन ने फाटक संख्या 3, 4, 5 और 6 खोल दिये हैं. इन चारों फाटकों से वर्तमान में करीब 1330 क्यूसेक पानी प्रति घंटे की गति से बाहर निकाला जा रहा है. अधिकारियों द्वारा डैम के जलस्तर एवं स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.

पानी छोड़े जाने के मद्देनजर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से नदी, नालों एवं जलधाराओं के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने और सतर्कता बरतने कीअपील की गयी है. जनता से सावधान रहने को कहा गया है. प्रशासन के जलस्तर बढ़ने की स्थिति में निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

झारखंड में होगी झमाझम बारिश (फाइल फोटो)

मौसम विभाग ने आज के लिए राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है. कहा है कि उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.

Ranchi News :  मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने आज 2 सितंबर को झारखंड में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है. कहा है कि राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. आसमान में बादल छाये रहेंगे, कई जगहों पर मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की आशंका है.

 

मौसम विभाग ने आज के लिए राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है. कहा है कि उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.

 

तेज हवा चलने के साथ वज्रपात की चेतावनी

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए राज्य के कई हिस्सों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की बात कही है. लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.

 

तीन सितंबर के लिए भी अलर्ट

मौसम विभाग ने 3 सितंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई है. 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की है.

 

4 से 7 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 4 से 7 सितंबर तक राज्य में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे. इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है. इसके लिए कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है.

 

रांची में आज बारिश की संभावना

राजधानी रांची में आज 2 सितंबर को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. शहर और आसपास के इलाकों में दो या उससे अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. रांची का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

 

3 से 7 सितंबर के बीच भी रांची में बादल छाये रहेंगे. इस दौरान एक-दो बार बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है. अधिकतम तापमान धीरे-धीरे बढ़कर करीब 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

 

वज्रपात के दौरान बाहर निकलने से बचें

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि मेघ गर्जन और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास न रहें. सुरक्षित और पक्की जगह पर आश्रय लें.

 

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही