Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

अंबा प्रसाद के विधायक प्रतिनिधि बितका की हत्या पांडेय गिरोह ने करवाई थी, तीन गिरफ्तार

Ramgarh : रामगढ़ पुलिस ने कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद के प्रतिनिधि राजकिशोर उर्फ बितका बाउरी हत्याकांड का खुलासा कर लिया है. पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. तीनों पांडेय गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं. पुलिस की पूछताछ में तीनों ने कई राज उगले हैं. मिले इनपुट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है. पुलिस कप्तान पीयूष पांडेय ने पीसी कर हत्याकांड से संबंधित जानकारी दी. एसपी ने बताया कि जीटा( गुंडा टैक्स) को लेकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है. पुलिस मामले में सलिप्त अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी है, जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. मृतक राजकिशोर उर्फ बितका बाउरी विधायक अंबा प्रसाद का विधायक प्रतिनिधि था और काफी करीबी था. बितका की हत्या के बाद कांग्रेसियों में पुलिस-प्रशासन के प्रति रोष था. सड़क जाम कर लोगों ने विरोध जताया था और हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे. मामला हाईप्रोफाइल था, इसलिए पुलिस पर भी दबाव था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने पतरातू एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया था. टीम ने टेक्निकल सेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की छानबीन शुरू की. साथ ही अपने गुप्तचरों को भी अलर्ट कर दिया. मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए अपराधियों में गोबिंद कुमार (30) पिता स्व. लक्ष्मी साव, पतरातू, अंजित मुंडा (33) पिता- स्व. कारू मुंडा, टुंगरी टोला जयनगर, पतरातू और बादल लोहरा (21) पिता जगरनाथ लोहरा, छापर थाना बुढ़मू, रांची शामिल है. अपराधियों के पास से एक सफेद रंग की अपाची बाइक, एक 7.65 बोर का देशी पिस्टल, 4 जिंदा गोली, तीन मोबाइल जब्त किया गया.

तीन अपराधियों ने मारी थी गोली 

बता दें कि भुरकुंडा के सौदा बस्ती निवासी राजकिशोर बाउरी उर्फ बितका बाउरी सौदा बस्ती के एचपी पेट्रोल पंप के सामने बैठे थे. इसी दौरान बाइक सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और बितका पर अंधाधुंध गोलियां चलाने लगे. बितका को करीब आधा दर्जन से ज्यादा गोली लगी. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था. इस संबंध में पतरातू थाना में 26 फरवरी को हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया था.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही