Ranchi: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में बुधवार को एसआईआर पर लंबी चर्चा और सत्ता-विपक्ष में गरमागरमी के बीच सरकार द्वारा पेश प्रस्ताव विधानसभा से मंजूर कर लिया गया. संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में प्रस्ताव रखा कि SIR की समय-सीमा बढ़ाई जाए और पूरी प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटे.
इसके साथ ही उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने का प्रस्ताव भी रखा. विधानसभा अध्यक्ष ने प्रस्ताव के समर्थन में संख्याबल के आधार पर सदन की मंजूरी दी.
क्या है पारित संकल्प में
SIR को लेकर झारखंड सरकार ने संकल्प में पश्चिम बंगाल में हुए SIR का उदाहरण देते हुए कहा गया है कि वहां 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए और अपीलों के निपटारे के लिए गठित ट्रिब्यूनलों को 38 लाख से अधिक आवेदन मिले. सरकार ने आशंका जताई कि झारखंड में भी ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर बड़ी संख्या में योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं.
सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह विशेष गहन पुनरीक्षण के सिद्धांत के खिलाफ नहीं है. हालांकि वर्तमान प्रक्रिया को रोककर सभी राज्यों और छोटे-बड़े राजनीतिक दलों के साथ समावेशी चर्चा करने, पारदर्शी नियम और सरल मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के बाद ही नए सिरे से SIR कराने की मांग की गई है.
संकल्प में संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार प्रत्येक योग्य नागरिक का संवैधानिक अधिकार है. किसी भी प्रक्रियागत जटिलता के कारण किसी पात्र मतदाता को इस अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए. सरकार ने सदन में चर्चा के बाद अपने संकल्प को भारत निर्वाचन आयोग समेत सभी सक्षम प्राधिकारों को भेजने का प्रस्ताव रखा है.
SIR को लेकर झारखंड सरकार ने संकल्प में दावा किया है कि राज्य के कुल मतदाताओं में 38 प्रतिशत से अधिक ऐसे हैं, जिनके नाम या तो मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं या उन्हें संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किया गया है. नोटिस जारी किए गए मामलों में 75 प्रतिशत से अधिक मामले माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र संबंधी विसंगति और अन्य तार्किक त्रुटियों से जुड़े हैं.
सरकार ने झारखंड की सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि आदिवासी बहुल राज्य में SIR की प्रक्रिया को लागू करने में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. विशेष रूप से PVTG समुदाय के लोगों के पास आवश्यक दस्तावेजों की कमी और जागरूकता का अभाव बड़ी चुनौती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.