Search

पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा के बीच ओबामा ने भारत में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर सवाल उठा रंग में भंग डाला! काग्रेंस ने कसा तंज

Washington/New Delhi : पीएम मोदी की अमेरिकी (राजकीय) यात्रा के बीच पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने यक्ष प्रश्न खड़ा कर दिया है कि अगर उनकी बात भारतीय पीएम से होती तो वे मुस्लिम अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का जिक्र करते. बता दें कि अमेरिकी टेलिविजन नेटवर्क सीएनएन को दिये इंटरव्यू में बराक ओबामा दुनिया में कमजोर होते लोकतांत्रिक संस्थानों की बात कर रहे थे.     नेशनल">https://lagatar.in/category/desh-videsh/">नेशनल

खबरों के लिए यहां क्लिक करें

अमेरिकी जर्नलिस्ट क्रिस्चियन अमनपोर ओबामा से सवाल कर रही थी

अमेरिकी जर्नलिस्ट क्रिस्चियन अमनपोर ओबामा से सवाल कर रही थी. पूछा कि यह ऐसा समय है जब दुनिया में लोकतंत्र खतरे में है, इसे तानाशाहों और तानाशाही से चुनौती मिल रही है. अनुदार लोकतंत्रों से भी इसे चुनौती मिल रही है. ऐसे में राष्ट्रपति बाइडन के प्रशासन के केंद्र में डिफेन्सिव डेमोक्रेसी है? पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा की ओर इशारा करते हुए अमनपोर का कहना था कि बाइडन अभी अमेरिका में मोदी का स्वागत कर रहे हैं, जिन्हें ऑटोक्रेटिक या फिर अनुदार डेमोक्रेट माना जाता है. पूछा कि किसी राष्ट्रपति को ऐसे नेताओं के साथ किस तरह से पेश आना चाहिए?

हिंदू बहुसंख्यक भारत में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का जिक्र जरूरी

भारत और मोदी पर दागे गये सवालों पर जवाब देते हुए पूर्व राष्ट्रपति ओबामा ने कहा, हिंदू बहुसंख्यक भारत में मुस्लिम अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का जिक्र जरूरी है. अगर मेरी मोदी से बात होती तो मेरा तर्क होता कि अगर आप अल्पसंख्यकों के अधिकारों की सुरक्षा नहीं करते हैं तो मुमकिन है कि भविष्य में भारत में विभाजन बढ़े. यह भारत के हितों के विपरीत जायेगा. साथ ही बराक ओबामा ने चीन में वीगर मुसलमान अल्पसंख्यकों के लिए बनाये गये शिविरो का जिक्र करते हुए इसे चिंताजनक ट्रेंड करार दिया.

ओबामा लोकतांत्रिक और राजनीतिक मुद्दों पर भारत और चीन के खिलाफ बरसे

बराक हुसैन ओबामा ने कहा कि अमेरिका और दुनिया भर में लोकतांत्रिक संस्थाएं अजीब हो गयी हैं. ओबामा वैश्विक लोकतांत्रिक और राजनीतिक मुद्दों पर भारत और चीन के खिलाफ जमकर बरसे. कहा कि तानाशाहों या अन्य अलोकतांत्रिक नेताओं से मिलना अमेरिकी राष्ट्रपति पद के जटिल पहलुओं में से एक है. मुझे ओवल ऑफिस में अपने कार्यकाल के दौरान कई इस तरह के लोगों से निपटना पड़ा, जिनसे मैं कतई सहमत नहीं था.

बाइडेन ने कैलिफोर्निया में शी जिनपिंग की तुलना  तानाशाह से की थी

याद करें कि इसी हफ्ते राष्ट्रपति बाइडेन ने कैलिफोर्निया में एक कार्यक्रम में शी जिनपिंग की तुलना एक तानाशाह से की थी. ओबामा ने अपने साक्षात्कार में इसे लेकर कहा कि आपको उनके साथ व्यापार करना होगा, क्योंकि वे राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों से महत्वपूर्ण हैं. कहा कि आप जानते हैं, आर्थिक हितों की एक श्रृंखला है. मुझे लगता है कि यह अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए जरूरी है कि वह उन सिद्धांतों को बनाये रखे और चैलेंज करे- चाहें वह सार्वजनिक रूप से हो या बंद दरवाजों के पीछे.

धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर पीएम मोदी को दी नसीहत

ओबामा ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र के बारे में चिंता व्यक्त करना भी कूटनीतिक बातचीत में शामिल होना चाहिए. उन्होंने कहा कि हिन्दू बहुसंख्यक भारत में मुस्लिम अल्पसंख्यकों की सुरक्षा ध्यान देने योग्य है. ओबामा के अनुसार अगर उनकी पीएम मोदी से बातचीत होती, तो उनके तर्क का एक हिस्सा यह होता कि यदि आप भारत में जातीय अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा नहीं करते हैं, तो इस बात की प्रबल संभावना है कि भारत किसी बिंदु पर अलग होना शुरू कर देगा. हमने देखा है कि जब इस प्रकार के बड़े आंतरिक संघर्ष होने लगते हैं तो क्या होता है.

एमनेस्टी इंटरनेशनल ने मोदी की अमेरिका यात्रा पर कड़ी टिप्पणियां की

जान लें कि अमेरिका की कुछ संस्थाओं और एमनेस्टी इंटरनेशनल ने भी मोदी की अमेरिका यात्रा पर कड़ी टिप्पणियां की हैं. एमनेस्टी इंटरनेशनल यूएसए ने अपने बयान में कहा है कि इस यात्रा के दौरान अमेरिका और भारत को दोनों देशों में मानवाधिकार मामलों की खराब हालत पर बात करनी चाहिए. संगठन के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में भारत में मानवाधिकार उल्लंघन के मामलों में वृद्धि हुई है. धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा बढ़ी है.

मोदी को वैधता प्रधान करने के लिए जो बाइडन के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान

अमेरिका में भारतीय मूल के कुकी और मैतेई प्रवासी मणिपुर हिंसा के खिलाफ मोदी के दौरे का विरोध कर रहे है. इस क्रम में कोलिशन फ़ॉर रीक्लेमिंग इंडियन डेमोक्रेसी (सीआरआईडी) ने स्टेट डिनर और अमेरिकी संसद के संयुक्त सदन में भाषण का मौका देकर पीएम मोदी को वैधता प्रधान करने के लिए राष्ट्रपति जो बाइडन के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया था. जान लें कि सीआरआईडी अमेरिका में रह रहे हिंदू, मुस्लिम, इसाई, दलित आदि समूहों का एक नागरिक संगठन है.

मिस्टर मोदी के दोस्त बराक ने उन्हें एक संदेश दिया

भारत में मुसलमानों और पीएम मोदी पर दिये बराक ओबामा के बयान को लेकर कांग्रेस पार्टी ने तंज कसा है. कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने इस इंटरव्यू की एक क्लिप ट्वीट करते हुए लिखा...मिस्टर मोदी के दोस्त बराक ने उन्हें एक संदेश दिया है. लगता है वो (ओबामा) भी मिस्टर मोदी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र का हिस्सा हैं? कम से कम भक्त तो यही दावा करेंगे. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment